ढांसा बॉर्डर पर मनाया अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस
ढांसा बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया। मजदूर दिवस के आयोजन की अध्यक्षता सीटू की जिला अध्यक्ष सरोज दुजाना ने की।
संवाद सूत्र,बादली : ढांसा बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया। मजदूर दिवस के आयोजन की अध्यक्षता सीटू की जिला अध्यक्ष सरोज दुजाना ने की। सरोज दुजाना ने कहा कि मजदूर दिवस पर मजदूर इकट्ठे होकर विश्लेषण करते हैं, कि आने वाले दिनों में उनके सामने क्या चुनौतियां हैं। केंद्र की सरकार ने कोरोना महामारी के अवसर पर देश के सभी किसानों और मजदूरों के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है। मजदूरों के हक में बने कानून जैसे मातृत्व लाभ, पेंशन, मुफ्त इलाज, न्यूनतम वेतन, यूनियन बनाने व आंदोलन करने के जो भी अधिकार थे, उनको खत्म कर दिया है।
धरने को गुलिया खाप के प्रधान विनोद गुलिया ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा ने फैसला किया था कि एक मई को मजदूर दिवस के अवसर पर सभी धरनों पर अध्यक्षता मजदूरों करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्पादन केवल दो ही जगह होता है खेत में जहां किसान काम करता है और कारखाने में जहां मजदूर काम करता है। दोनों के बीच बड़ी एकता स्थापित करके ही समाज में नया बदलाव ला सकते हैं। धरने का संचालन करते हुए अखिल भारतीय किसान सभा के सचिव रामचंद्र यादव ने कहा कि पिछले दिनों संयुक्त किसान मोर्चा और देश की 8 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की बैठक हुई थी। 10 मई को 1857 की क्रांति की वर्षगांठ के अवसर पर बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी। धरने पर गांव बिरधाना व बाघपुर से भी किसान खाद्य सामग्री के साथ पहुंचे। धरने को आशा वर्कर्स यूनियन की राज्य अध्यक्ष प्रवेश मातनहेल, भारतीय किसान यूनियन के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष वीरेंद्र डागर, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला अध्यक्ष जयप्रकाश बेनीवाल, इंटक के जिला अध्यक्ष सरजीत गुलिया, दीपक धनखड़, धर्मेंद्र, सतवीर खेड़का, सुनील गोला, हिम्मल पहलवान, वेदपाल ठेकेदार, सतवीर गुलिया गांव बादली, राज सिंह डागर आदि ने भी संबोधित किया।