अब कोहरे में नहीं होंगे सड़क हादसे, हरियाणा सरकार ने कसी कमर; कटरा एक्सप्रेसवे-हाईवे और KMP पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
झज्जर जिला प्रशासन ने सर्दी में कोहरे और रात के समय सड़क हादसों को रोकने के लिए कटरा एक्सप्रेस-वे, केएमपी और नेशनल हाईवे सहित प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

कटरा एक्सप्रेसवे। फाइल फोटो
HighLights
अवैध पार्किंग हटाकर सड़कों पर यातायात सुचारू रखने के निर्देश।
सफेद पट्टी, ब्लिंकर, सूचना बोर्ड लगाने के आदेश जारी।
सड़क पर घूमने वाले पशुओं से बचाव पर भी जोर।
जागरण संवाददाता, झज्जर। सर्दी में कोहरे और रात के समय सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों से कहा कि जिले से गुजरने वाले कटरा एक्सप्रेस-वे, कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे, नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे समेत प्रमुख सड़कों पर कोई वाहन अवैध रूप से खड़ा न रहे। उन्होंने विभागों को समन्वय से काम करने और यातायात बाधित होने से रोकने को कहा।
सफेद पट्टी, ब्लिंकर और सूचना बोर्ड लगाने के आदेश
डीसी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग में दिए निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सर्दी में कम दृश्यता के मद्देनजर सुरक्षा इंतजाम समय पर पूरे करने और लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
सभी सड़कों पर सफेद पट्टी लगाने, ब्लिंकर सक्रिय रखने और दुर्घटना संभावित स्थानों, मोड़ों व संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी और सूचनात्मक बोर्ड लगाने को कहा गया। विभाग नियमित निरीक्षण कर कमियों को तुरंत दूर करेंगे।
पशुओं से बचाव और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर
शहरी निकायों, ग्रामीण अधिकारियों और पशुपालन विभाग को सड़क पर घूमने वाले पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनसे होने वाले हादसों की रोकथाम के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। ‘म्हारी सड़क’ एप पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर लंबित मामले खत्म करने को भी कहा गया।
बैठक में एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसीपी अखिल, पीडब्ल्यूडी झज्जर से सुमित कुमार, पीडब्ल्यूडी बहादुरगढ़ से राहुल शर्मा, डीईओ रतींद्र सिंह, सीएमओ डा. मंजू, एडीटीओ राजेश मलिक और एक्सईएन जनस्वास्थ्य अश्वनी सांगवान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।