विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झज्जर का गौ सेवा महातीर्थ: घायल नंदी से शुरू हआ आश्रम, आज 1 लाख 25 हजार पशुओं का है सहारा; 4000 से ज्यादा सफल ऑपरेशन

Published: Tue, 17 Nov 2026 02:11 PM (IST)

झज्जर के गुरुग्राम रोड पर स्थित गोकुलधाम गौ सेवा महातीर्थ, गंभीर रूप से घायल और बीमार पशुओं के लिए एक आधुनिक पशु चिकित्सा और बचाव केंद्र है।

फोटो- गोकुलधाम गौ सेवा महातीर्थ वेबसाइट

फोटो- गोकुलधाम गौ सेवा महातीर्थ वेबसाइट

HighLights

  1. गोकुलधाम गौ सेवा महातीर्थ झज्जर में पशु चिकित्सा केंद्र

  2. आधुनिक सुविधाओं से लैस, 4000 से अधिक सफल ऑपरेशन

  3. 24 घंटे सक्रिय रेस्क्यू टीम, 1.25 लाख पशुओं का उपचार

जागरण संवाददाता, झज्जर। सड़क हादसे में घायल गोवंश, बीमारी से जूझते नंदी और चलने-फिरने में असमर्थ पशुओं को समय पर उपचार मिलना उनके जीवन के लिए अहम है।

सामान्य गोशालाओं में आश्रय और खान-पान की व्यवस्था होती है, जबकि गंभीर रूप से घायल पशुओं को विशेष चिकित्सा, ऑपरेशन और निरंतर निगरानी की जरूरत होती है। झज्जर जिले के गुरुग्राम रोड स्थित गोकुलधाम गौ सेवा महातीर्थ इस जरूरत को पूरा करने वाला पशु चिकित्सा और बचाव केंद्र बनकर उभरा है।

संस्था के संस्थापक गोदास सुनील निमाना ने 10 मार्च 2013 को अपनी एक एकड़ जमीन पर गोचिकित्सालय की नींव रखी। उनकी दादी लक्ष्मी की इच्छा थी कि गोवंश के लिए ऐसा चिकित्सालय बने, जहां बीमार और घायल पशुओं का बेहतर उपचार हो सके।

3.5 एकड़ के परिसतर तक पहुंचा

निर्माण व्यवसाय से जुड़े निमाना बताते हैं कि यात्रा के दौरान गंभीर रूप से घायल और बीमार नंदी को देखकर उनकी जिंदगी की दिशा बदल गई। भाई के सहयोग से नंदी के उपचार की व्यवस्था करने के बाद उन्होंने बेजुबानों की सेवा का संकल्प लिया। एक एकड़ से शुरू हुआ यह काम अब 3.5 एकड़ के परिसर तक पहुंच चुका है।

गोकुलधाम पारंपरिक गोशाला से आगे बढ़कर आधुनिक पशु चिकित्सालय के रूप में काम करता है। यहां एक्स-रे मशीन, अल्ट्रासाउंड, सी-आर्म मशीन और उन्नत पैथोलाजी लैब उपलब्ध हैं।

सीजेरियन ऑपरेशन , हर्निया, हॉर्न कैंसर, गंभीर फ्रैक्चर और पेट में फंसी लोहे या प्लास्टिक की जानलेवा वस्तुओं को निकालने के लिए अब तक 4,000 से अधिक सफल ऑपरेशन किए गए हैं। लकवाग्रस्त और स्थायी रूप से दिव्यांग पशुओं को भी यहां लंबे समय तक देखभाल मिलती है।

एक कॉल पर दौड़ती हैं एंबुलेंस, 24 घंटे सक्रिय रेस्क्यू टीम

गोकुलधाम की टीम रोजाना औसतन 40 से 50 आपातकालीन रेस्क्यू काल पर कार्रवाई करती है। बरसात में सड़क हादसे बढ़ने पर टीम अधिक मुस्तैद रहती है।

एंबुलेंस और पशु चिकित्सक दिन-रात बचाव कार्य में जुटे रहते हैं। झज्जर के मुख्य केंद्र के अलावा अन्य जगहों पर भी सेवा का विस्तार हुआ है। संस्था की वेबसाइट के अनुसार, अब तक 1.25 लाख से अधिक पशुओं का उपचार किया गया है।

निमाना का कहना है कि गोसेवा और मूक जीवों की रक्षा पूरे समाज का दायित्व है। इस काम में दानवीर और गोभक्त चारा, दवाइयां, सर्जिकल उपकरण और आर्थिक सहायता देते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।