फुटवियर फैक्ट्री में दो माह बाद फिर लगी आग, फायर एनओसी पर उठे सवाल
रात में कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल दस्ते ने नौ गाड़ियों की मदद से आग पर काबू किया।
रात में कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल दस्ते ने नौ गाड़ियों की मदद से आग पर काबू किया। जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फुटवियर फैक्ट्री में रविवार की रात आग लगने की घटना के बाद फायर एनओसी पर सवाल खड़े हो गए हैं। इसी फैक्ट्री में दो माह पहले भी आग लगी थी। रात में कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल दस्ते ने नौ गाड़ियों की मदद से आग पर काबू किया। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष रामकिशन सिघल की औद्योगिक क्षेत्र के पार्ट-ए में श्याम प्लास्टिक के नाम से फैक्ट्री है। छुट्टी और रात का समय होने के कारण काम तो लगभग बंद था, मगर देर रात गोदाम वाले हिस्से के पास अचानक आग लग गई। दमकल विभाग को सूचित किया गया। विभागीय दस्ता मौके पर पहुंचा। बहादुरगढ़ की छह गाड़ियों से बात न बनती देख झज्जर से एक और रोहतक से भी दो दमकल गाड़ी लाई गई। कुल मिलाकर नौ गाड़ियों से लगभग चार घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। घटना में किसी कामगार को कोई शारीरिक हानि नहीं पहुंची है। फायर एनओसी पर सवाल :
इस फैक्ट्री में तीन बार आग लग चुकी है। दो बार की घटनाएं तो दो माह के अंतराल पर हुई हैं। दमकल विभाग की ओर से बताया गया है कि इस फैक्ट्री में फायर एनओसी फिलहाल नहीं है। विगत में इसको लेकर नोटिस भी दिया गया था। फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से एनओसी के लिए जो आवेदन किया था, उस पर आपत्तियां दर्ज की थी। मगर यह दूर नहीं हो पाई। बहादुरगढ़ के फायर स्टेशन ऑफिसर नीतिश कुमार का कहना है कि किसी भी फैक्ट्री में जब आग से बचाव के आवश्यक इंतजाम होते हैं, तभी एनओसी दी जाती है। इस फैक्ट्री के लिए एनओसी नहीं ली गई है।