विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के किसानों को नया ट्रैक्टर खरीदने पर 3 लाख रुपये की सब्सिडी, 15 दिसंबर तक कर सकते हैं आवेदन

Published: Sun, 29 Nov 2026 04:54 PM (IST)

हरियाणा सरकार अनुसूचित जाति के किसानों को एसबी-89 योजना के तहत 45 हॉर्स पावर से अधिक के ट्रैक्टर खरीदने पर 3 लाख रुपये का अनुदान दे रही है।

अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर तीन लाख रुपये का अनुदान। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर तीन लाख रुपये का अनुदान। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. अनुसूचित जाति के किसानों को 3 लाख रुपये का अनुदान

  2. 45 हॉर्स पावर से अधिक ट्रैक्टर खरीदने पर लाभ़

  3. झज्जर के किसान 15 दिसंबर तक करें आवेदन

जागरण संवाददाता, झज्जर। अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आधुनिक कृषि संसाधनों से जोड़ने के लिए हरियाणा सरकार एसबी-89 योजना के तहत 45 हार्स पावर से अधिक क्षमता का नया ट्रैक्टर खरीदने पर 3 लाख रुपये का अनुदान देगी।

जिला झज्जर के पात्र किसान 15 दिसंबर तक कृषि विभाग के पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी सहायक कृषि अभियंता डा. राकेश ने दी।योजना का उद्देश्य किसानों को ट्रैक्टर खरीदने में आर्थिक सहायता देना है, ताकि वे खेती के काम अधिक सुविधाजनक और आधुनिक तरीके से कर सकें।

अपना ट्रैक्टर होने से किसान कृषि विभाग की उन योजनाओं का लाभ भी उठा सकेंगे, जिनमें ट्रैक्टर चालित कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए स्वयं का ट्रैक्टर होना जरूरी है। इससे कृषि क्षमता, आमदनी और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

आवेदक का अनुसूचित जाति वर्ग से होना और स्वयं की भूमि होना अनिवार्य

आवेदक का अनुसूचित जाति वर्ग से होना और स्वयं की भूमि होना अनिवार्य है। पीपीपी आईडी के तहत परिवार के किसी सदस्य के नाम दर्ज भूमि का स्वामित्व भी मान्य होगा। किसान का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी है। आवेदन के साथ भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र और निर्धारित अंडरटेकिंग अपलोड करनी होगी। आवेदक ने पिछले पांच वर्षों में कृषि विभाग से ट्रैक्टर खरीद पर अनुदान न लिया हो। योजना के तहत अनुदान से खरीदा गया ट्रैक्टर पांच वर्ष तक बेचा नहीं जा सकेगा।

इस संबंध में निर्धारित शपथ पत्र भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा। निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन मिलने पर डीसी की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय कार्यकारी समिति ड्रा के जरिए लाभार्थियों का चयन करेगी। चयनित किसानों को दस्तावेजों के सत्यापन के लिए सहायक कृषि अभियंता कार्यालय, झज्जर में कागजात जमा कराने होंगे। जांच के बाद पात्र किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए परमिट जारी होंगे।

अनुदान राशि सीधे किसान के बैंक खाते में जमा की जाएगी

खरीद के बाद डीलर के विवरण का निर्माता अपने पोर्टल लाग-इन के जरिए सत्यापन करेगा। इसके बाद डीएलईसी की समिति ट्रैक्टर का भौतिक सत्यापन करेगी। सत्यापन सफल होने और डीएलईसी की स्वीकृति के बाद अनुदान राशि सीधे किसान के बैंक खाते में जमा की जाएगी। पात्र किसानों से तय समय में आवेदन करने की अपील की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।