मांगें पूरी होने का नोटिफिकेशन जारी न होने तक चलेगी हड़ताल
जागरण संवाददाता, झज्जर : हड़ताली एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारियों का सरकार के प्रति आक्रोश बढ़
जागरण संवाददाता, झज्जर : हड़ताली एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारियों का सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। कर्मचारी प्रतिदिन शहर में प्रदर्शन कर अपना रोष प्रकट कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी कर्मचारियों ने दोपहर बाद शहर में जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इससे पूर्व हड़ताली कर्मचारी पहले की तरह नागरिक अस्पताल में धरनास्थल पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ भाषण बाजी करते रहे। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि सरकार कर्मचारियों पर एस्मा के तहत मामले दर्ज और बर्खास्त करके भी देख चुकी है लेकिन कर्मचारी पीछे हटने वाले नहीं है।
वहीं एसोसिएशन के पदाधिकारी अशोक ने बताया कि शुक्रवार को रोहतक में होने वाली भाजपा राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दौरान रोहतक शहर में पूरे राज्यभर से आए कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि सरकार चाहे कुछ भी हथकंडे क्यों नहीं अपना लें, लेकिन जब तक मांगें पूरी होने का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी।