राष्ट्रवाद, हिन्दुत्व और भारतीय संस्कृति के सजग प्रहरी रहे है डा. मंगल सेन : बिजेन्द्र दलाल
जागरण संवाददाता, झज्जर : सूबे के पूर्व उप-मुख्यमंत्री डा. मंगल सेन की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ता
जागरण संवाददाता, झज्जर : सूबे के पूर्व उप-मुख्यमंत्री डा. मंगल सेन की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये हैं। यहां झज्जर मंडल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र दलाल ने कार्यकर्ताओं से अपने संबोधन में कहा कि डॉ. मंगल सेन का पूरा जीवन प्रेरणादायी है। बचपन से लेकर अंतिम समय तक वह देश के लिए समर्पित रहें। बचपन से ही वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की शाखाओं में जाने लगे थे और अपने सार्वजनिक जीवन का आगाज भी उन्होंने संघ प्रचारक के तौर पर ही किया था। उन्होंने बताया कि डा. मंगल सेन का जन्म 27 अक्टूबर 1927 को सरगोधा के झांवरिया गांव में हुआ था जो कि आज पाकिस्तान में हैं।
बगैर भेदभाव के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की कला उनमें थी। इसी के चलते वो लगातार सात बार रोहतक से विधायक रहे। जनसंघ के अध्यक्ष रहते हुये उन्होंने हरियाणा में संगठन को मजबूत किया जिसके कारण ही आज हरियाणा में भाजपा का मजबूत संगठन है और सरकार भी भाजपा की है। बेहद कड़े अनुशासन के पालनकर्ता डा. मंगल सेन ने आपातकाल से लेकर हिन्दी आन्दोलन हो या गोहत्या बंद कराने को लेकर चलाये गये आन्दोलन, हर आन्दोलन में डा. मंगल सेन ने प्रभावी भूमिका निभाई। उन्हें 15 बार जेल भी जाना पड़ा। आज डॉ मंगल सेन के दिखाये समान विकास के रास्ते पर ही चलते हुये प्रदेश सरकार काम कर रही है। इस मौके पर झज्जर मंडल अध्यक्ष मनोज जांगड़ा, भाजपा नेत्री सुनीता चौहान, मनीष बंसल, अनिल शर्मा, सीमा दहिया, विकास वाल्मिकी, आवेश अहलावत और विकास नान्दल समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकता मौजूद रहे।