ऑनलाइन ऑर्डर और डिलीवरी के नाम पर 2 लाख की साइबर ठगी, दिल्ली से आरोपी गिरफ्तार
झज्जर साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन ऑर्डर और डिलीवरी के नाम पर 2 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले एक आरोपी इरफान को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
-1794565110369_m.webp)
ऑनलाइन डिलीवरी के नाम पर 2 लाख की ठगी।
HighLights
ऑनलाइन ऑर्डर डिलीवरी के नाम पर हुई 2 लाख की ठगी।
झज्जर साइबर क्राइम पुलिस ने दिल्ली से आरोपी इरफान को पकड़ा।
पीड़ित को व्हाट्सएप ऐप के जरिए फंसाया गया था इस धोखाधड़ी में।
जागरण संवाददाता, झज्जर। साइबर अपराधों पर लगाम कसते हुए थाना साइबर क्राइम झज्जर की पुलिस टीम ने ऑनलाइन ऑर्डर और डिलीवरी का काम दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपित की पहचान दिल्ली के प्रेम नगर-2 निवासी इरफान पुत्र मोहम्मद अली के रूप में हुई है। जिसे अदालत में पेश करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना साइबर क्राइम झज्जर के प्रभारी निरीक्षक दर्शन कुमार ने बताया कि गांव दुबलधन माजरा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसे व्हाट्सएप के माध्यम से एक ऐप डाउनलोड करवाया गया।
इसके बाद साइबर ठगों ने उसे ऑनलाइन ऑर्डर और डिलीवरी का काम देने का झांसा दिया। ठगों ने शर्त रखी कि ऑर्डर की कीमत पहले उनके द्वारा बताए गए बैंक खातों में जमा करवानी होगी, जिसके बाद डिलीवरी पूरी होने पर मूल राशि के साथ 15 प्रतिशत अतिरिक्त कमीशन दिया जाएगा।
दो लाख से अधिक रुपये गंवाने के बाद बंद हुआ ऐप
अधिक मुनाफे के लालच में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग तारीखों में अपने बैंक खातों से कुल 2 लाख 468 रुपये ठगों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। लेकिन न तो उसे कोई कमीशन मिला और न ही उसकी जमा की गई मूल राशि वापस लौटाई गई।
कुछ समय बाद संबंधित ऐप भी पूरी तरह बंद कर दिया गया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर थाना साइबर क्राइम झज्जर में अभियोग अंकित किया गया।
मामले की गहनता से जांच करते हुए साइबर पुलिस टीम ने बैंक ट्रांजेक्शन (मनी ट्रेल) के आधार पर खातों का विवरण खंगाला। जांच में सामने आए पंजाब नेशनल बैंक के एक खाते के धारक इरफान को पुलिस ने जांच में शामिल किया। ठगी में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।