कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने किया ढाकला अनाज मंडी का शिलान्यास
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने रविवार को ढाकला अनाज मंडी क
जागरण संवाददाता, झज्जर : कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने रविवार को ढाकला अनाज मंडी का शिलान्यास किया। मंडी शिलान्यास के बाद उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में अनाज मंडी बनने से किसानों को अपना उत्पाद बेचने के लिए दूर शहर में नहीं जाना पड़ेगा। पहले सीजन पर खरीद केंद्र बनाया गया था। अब सबयार्ड ढाकला में नई अनाज मंडी बनाई जाएगी। 26 एकड़ एक कनाल और 16 मरले में तैयार होने वाली इस अनाज मंडी पर लगभग सात करोड़ रूपये की धनराशि खर्च होगी।
अनाज मंडी में किसानों की सुविधाओं के लिए किसान भवन बनाया जाएगा। सड़क, पेयजल आपूर्ति व सीवरेज व्यवस्था मुहैया करवाई जाएगी साथी ही कवर्ड शेड बनाया जाएगा। बताया कि अनाज मंडी के प्रथम चरण में विभिन्न उत्पाद को रखने के लिए कॉमन प्लेटफार्म का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य चार माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण का कार्य शुरू होगा।
धनखड़ ने बताया कि पिछले 58 महिनों में हरियाणा राज्य विपणन मंडल द्वारा बादली हलके में सड़क मार्गो के सुधार पर लगभग 117 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की गई है। जिनके तहत ग्रामीण क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 30 नई सड़कों का निर्माण पूरा किया गया। इसके अतिरिक्त 14 नई सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है। 40 ऐसी पुरानी सड़कें जिनका चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और विशेष मरम्मत कार्य पूरा किया गया।
33 सड़क मार्गो का सुधारीकरण, चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य चल रहा है। पुरानी निर्मित सड़क जिनकी चौड़ाई 12 फीट थी उनको 18 फीट चौड़ा किया गया है।