झज्जर में बादली टोल के पास खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराया दूसरा ट्रक, दोनों ड्राइवरों की मौत
कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर बादली टोल के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1793908309616_m.webp)
हादसे में ट्रक ड्राइवरों की मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
केएमपी एक्सप्रेसवे पर बादली टोल के पास भीषण सड़क हादसा।
खड़े ट्रक से टकराया दूसरा ट्रक, दो चालकों की मौत।
पुलिस ने जांच शुरू की, शव परिजनों को सौंपे।
जागरण संवाददाता, झज्जर। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर बादली टोल के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। टोल के समीप खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक की जोरदार टक्कर होने से दोनों ट्रकों के चालकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नूंह जिले के 35 वर्षीय अरशद पुत्र रहीद खान और मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले (नौगांव) निवासी 56 वर्षीय रत्न पुत्र ननहई के रूप में हुई है। रत्न अपने ट्रक के बाहर खड़ा था। जबकि, अरशद की केबिन में फंसकर ही मौत हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नूंह निवासी चालक अरशद रोहद से ट्रक में सामान लादकर फरीदाबाद की ओर जा रहा था। जैसे ही उसका ट्रक केएमपी पर बादली टोल के पास पहुंचा, वह वहां पहले से सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रक से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अरशद ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया। राहगीरों ने क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। बताया जा रहा है कि अरशद अपने पीछे तीन भाइयों और चार बहनों का परिवार छोड़ गया है और आगामी फरवरी माह में उसका विवाह होना तय हुआ था।
वहीं दूसरे मृतक 56 वर्षीय रत्न पानीपत से प्लास्टिक दाना लेकर अपने ट्रक से मध्य प्रदेश की तरफ जा रहा था। उसने बादली टोल के पास अपना ट्रक खड़ा किया हुआ था और हादसे के वक्त वह ट्रक से नीचे उतरा हुआ था। टक्कर की चपेट में आने से रत्न की भी मौके पर ही मौत हो गई। रत्न अपने पीछे दो बेटों व दो बेटियों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचित किए जाने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
केएमपी पर बादली टोल के पास हुए सड़क हादसे की गहनता से जांच की जा रही है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस तथ्यों की पड़ताल में जुटी हुई है। स्वजनों के बयान व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। - रविंद्र, जांच अधिकारी।