विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के हांसी में तेंदुए की खाल के साथ युवक गिरफ्तार, कीमत डेढ़ करोड़ रुपये; तमिलनाडु से जुड़े तस्करी के तार

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:53 PM (IST)Updated: Tue, 10 Nov 2026 06:04 PM (IST)

वन्य जीव विभाग और सीआईए हांसी ने पेटवाड़ निवासी सोनू बावरिया को डेढ़ करोड़ रुपये की तेंदुए की खाल के साथ गिरफ्तार किया है।

डेढ़ करोड़ की तेंदुए की खाल के साथ युवक गिरफ्तार। फोटो जागरण

डेढ़ करोड़ की तेंदुए की खाल के साथ युवक गिरफ्तार। फोटो जागरण

HighLights

  1. हांसी में डेढ़ करोड़ की तेंदुए की खाल बरामद।

  2. पेटवाड़ निवासी सोनू गिरफ्तार, भाई तमिलनाडु में वांछित।

  3. अंतरराज्यीय वन्य जीव तस्करी नेटवर्क की हो रही जांच।

जागरण संवाददाता, हांसी (हिसार)। वन्य जीव विभाग और सीआइए हांसी की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पेटवाड़ निवासी सोनू बावरिया को तेंदुए की खाल के साथ गिरफ्तार किया है। वन्य जीव विभाग के प्रारंभिक आकलन के अनुसार खाल करीब साढ़े तीन वर्ष के तेंदुए की है और इसकी कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में सामने आया कि तमिलनाडु में रह रहा आरोपित का भाई यह खाल उसके पास छोड़कर गया था। वापस आने के बाद दोनों की इसे बेचने की योजना थी। पुलिस अब आरोपित के भाई की तलाश कर रही है।

वन्य जीव विभाग को सूचना मिली थी कि पेटवाड़ में तेंदुए की खाल छिपाकर रखी गई है और उसे ठिकाने लगाने की तैयारी चल रही है। इसके बाद विभाग के उपनिरीक्षक अक्षय कुमार और सीआइए हांसी के पीएसआइ कपिल के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने पेटवाड़-थुराना मार्ग के क्षेत्र में कार्रवाई कर सोनू बावरिया को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से नीले रंग के थैले में रखी तेंदुए की खाल बरामद हुई।

पूरी कार्रवाई की हुई वीडियोग्राफी

जांच में पता चला कि खाल को घर के भीतर रखने के बजाय बाहर एक स्थान पर छिपाया गया था। आरोपित अपने भाई के तमिलनाडु से लौटने की प्रतीक्षा कर रहा था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि खाल कहां से लाई गई और इसे किस व्यक्ति को बेचा जाना था।

पैमाइश में खाल की लंबाई 207 सेंटीमीटर, चौड़ाई 128 सेंटीमीटर और पूंछ की लंबाई 80 सेंटीमीटर मिली। नमूना सुरक्षित करने के बाद खाल को सील कर दिया गया है। पूरी कार्रवाई की ई-साक्ष्य एप पर वीडियोग्राफी भी की गई।

तस्करी नेटवर्क से संबंध की हो रही जांच

जानकारी के अनुसार आरोपित की मां के खिलाफ भी पहले हिमाचल प्रदेश में चीते की खाल बेचने का मामला दर्ज हो चुका है। इस तथ्य के सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस और वन्य जीव विभाग अब परिवार के संभावित संपर्कों के साथ किसी अंतरराज्यीय वन्य जीव तस्करी नेटवर्क से संबंध की पड़ताल कर रहे हैं। आरोपित के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।