रोहतक में जहरीले पदार्थ से महिला की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
रोहतक के चिड़ी गांव का मामला। 12 साल पहले शादी हुई थई। सोनीपत के बखेता गांव में महिला का मायका है। काफी समय से ससुराल वालों से झगड़ा चल रहा था। आरोप है कि कई बार मारपीट कर घर से निकालने की कोशिश की गई थी।
By Umesh KdhyaniEdited By: Published: Tue, 22 Jun 2021 12:30 PM (IST)Updated: Tue, 22 Jun 2021 12:30 PM (IST)
रोहतक, जेएनएन। लाखनमाजरा थाना क्षेत्र के चिड़ी गांव में महिला की जहरीला पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया है कि काफी समय से चल रहे झगड़े के कारण ससुराल वालों ने जहर देकर उनकी बेटी की हत्या की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ससुराल वालों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोनीपत जिले के बखेता गांव की रहने वाली सुमन की शादी करीब 12 साल पहले चिड़ी गांव निवासी राजेश के साथ हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि सुमन के साथ ससुराल में झगड़ा चल रहा था। कई बार उसके साथ मारपीट की गई और घर से बाहर निकालने का भी प्रयास हुआ। मामलों को लेकर दोनों पक्षों में सुलह कराने की भी कोशिश की गई, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। आरोप है कि सोमवार देर शाम उसके पति राजेश, सास सत्यवंती और ननंद मीनू ने जहर दे दिया। पता चलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद सुमन को सीएचसी चिड़ी अस्पताल में लाया गया। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे पीजीआइएमएस रेफर कर दिया, लेकिन बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पति, सास और ननद पर केस
सूचना मिलने पर लाखनमाजरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। जिसके शव का पोस्टमार्टम दोपहर बाद होगा। इस मामले में मृतका सुमन की मां बिमला की तरफ से पति समेत सास और ननद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
क्या कहती है पुलिस
थाना प्रभारी लाखनमाजरा इंस्पेक्टर उदयभान सिंह ने कहा कि मायके पक्ष ने ससुरालियों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। फिलहाल शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें