पति-पत्नी की सुलह करवाने पहुंची महिला ASI, पति बोला, आप जैसी बहुत देखी हैं, कर दी पिटाई
पुलिस कर्मचारियों ने किसी तरह एएसआइ को बचाया और तीनों आरोपितों को पकड़ लिया। पुलिस ने जींद निवासी सचिन सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हांसी (हिसार) जेएनएन। कई बार अच्छा करने जाओ पर परिणाम बुरा हो जाता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। घरेलू विवाद में पति-पत्नी के बीच सुलह करवाने के लिए महिला थाने में बुलाई गई पंचायत में महिला के पति व उसके साथियों ने काउंसलिंग कर रही महिला एएसआइ से मारपीट कर दी। अन्य पुलिस कर्मचारियों ने किसी तरह एएसआइ को बचाया और तीनों आरोपितों को पकड़ लिया। पुलिस ने जींद निवासी सचिन सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार जींद निवासी सचिन व हिसार के गांव खांडा खेड़ी निवासी रेखा पति-पत्नी हैं। दोनों के बीच काफी समय से तकरार चल रही है। मंगलवार को महिला थाना में दोनों पक्षों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि पंचायत के बीच ही सचिन ने तैश में आकर महिला एएसआइ से कहा कि आप जैसी मैडम बहुत देखी हैं, हम आपको जान से मरवा देंगे।
इसके बाद सचिन के साथ आई महिला शीना ने बाल खींचकर एएसआइ को नीचे गिरा दिया। इसके बाद शीना, सचिन और कुलदीप ने मिलकर उसकी पिटाई की। किला बाजार पुलिस चौकी के कर्मचारियों ने जींद निवासी सचिन, बवानी खेड़ा निवासी शीना व कुलदीप के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
----महिला थाना में काउंसलिंग के दौरान एक महिला एएसआइ के साथ गलत व्यवहार किया गया है। शिकायत पर केस दर्ज कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पुलिस तीनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
- जोगिंद्र, एसआइ, किला बाजार पुलिस चौकी।