पत्नी ने फोन नहीं उठाया तो ससुराल जाकर पत्नी और सास की कर दी हत्या
आरोपित पति पत्नी और सास की हत्या करने के बाद पास में सो रही ढाई साल की बेटी को अपने साथ लेकर भाग गया था। मृतका की दो माह की बेटी भी है जो बिलख रही है। गांव में मातम पसरा है।
हिसार, जेएनएन। कब कौन किस बात को लेकर किस हद तक जाकर कौन सा जघन्य अपराध कर दे वर्तमान समय में यह कह पाना मुश्किल है। ऐक ऐसा मामला हिसार जिले में भी सामने आया है। जहां मायके गई हुई एक युवती ने पति का फोन नहीं उठाया तो पति ने अपनी ससुराल राजस्थान के गांव गढ़ी छानी में जाकर पत्नी और सास की हत्या ही कर दी। गांव जाखोद खेड़ा निवासी एक युवक अपनी ससुराल पहुंचा और लोहे के पट्टे से सो रही पत्नी और सास पर वार कर दिया। राजस्थान पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
सीमा पर स्थित हरियाणा का आखिरी गांव बालसमंद गांव के साथ लगते राजस्थान के गांव गढ़ीछानी में होने वाली इस वारदात के कारण सन्नाटा पसरा हुआ है। आरोपित युवक ने बताया कि कई दिनों से उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी मायके चली गई और मेरा फोन नहीं उठाती थी। इससे मुझे शक होने लगा कि कुछ गड़बड़ है। इसके बाद तैश में आकर यह काम किया।
पत्नी और सास की हत्या करने के बाद पास में सो रही ढाई साल की बेटी को अपने साथ लेकर भाग गया था। मृतका की दो माह की बेटी भी है जो बिलख रही है। भिरानी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार युवक रविवार रात करीब ग्यारह बजे अपनी ससुराल आया और आंगन में सो रही पत्नी और सास पर लोहे के हथियार से वार दिया। पहले सास और फिर पत्नी की हत्या की। वार करने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाकि लोगों को भी घटना की जानकारी सुबह ही मिली।
युवती प्रसव के लिए अपनी मां के यहां आई थी। आरोपित विनोद ने बताया है कि अनबन के चलते पत्नी मायके में फोन नहीं उठाती थी। विनोद ने पत्नी को कई बार कहा था कि वो ससुराल आ जाए, पर वो नहीं मानी। आखिर में दो महीने पहले ही मां बनी पत्नी पुष्पा और सास सजना देवी की हत्या कर दी।