Weather : बदला मौसम का मिजाज, कई जगह बारिश, 7 जून तक बने रहेंगे आसार
अरब सागर में बनने वाले निसर्ग चक्रवात की नमी वाली हवाओं के कारण राज्य में 5 व 6 जून को आंशिक बादल तेज हवाओं व गरज चमक के साथ और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश संभावित है।
हिसार, जेएनएन। ज्येष्ठ महीने का आखिरी सत्ताह चल रहा है और मौसम बेहद सुहावना है। बीते कुछ दिनों को छोड़ दें तो बहुत तेज गर्मी होते ही मौसम करवट बदल लेता है। अभी भी मौसम में ऐसी ही तब्दीली बनी हुई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को मौसम ने मिजाज बदला। दोपहर तक उमस और गर्मी का अहसास हो रहा था तो शाम होते होते तेज हवा चलने लगी।
भिवानी में करीब एक घंटा बारिश हुई और सड़के पानी से लबालब हो गई। आगामी कुछ घंटों में कई जिलों में बारिश हो सकती है। हिसार में मौसम सुहावना बना हुआ है। मगर नौतपे और ज्येष्ठ महीने में इस तरह का बना मौसम सभी को हैरानी में डाल रहा है। इस बार मानसून जल्दी ही आ रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात के कारण ऐसा हो रहा है। बुधवार को भी कई शहरों में सुबह के समय हल्की बारिश आई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। दिन में धूप निकली भी मगर अधिक गर्मी महसूस नहीं हुई। चंडीगढ़, हिसार व सिरसा में हल्की बारिश दर्ज की गई।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में फिर से हलकी बारिश हो सकती है। इसका सबसे बड़ा कारण महाराष्ट्र की ओर से आने वाली नमी भरी हवाएं हैं। दरअसल, अरब सागर में उठे निसर्ग चक्रवात के कारण हवाएं नमी को लेकर महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से होते हुए हरियाणा में दाखिल होंगी जो यहां भी दो दिन कुछ बारिश कर सकती हैं। पांच और छह जून को बारिश का अनुमान लगाया गया है।
7 जून तक मौसम में रहेगा परिवर्तनशील
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने संभावना जता दी है। विभागाध्यक्ष डा. मदन खिचड़ के अनुसार राज्य में 7 जून तक मौसम परिवर्तनशील, बीच-बीच में आंशिक बादल, हवाएं चलने के साथ पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। अरब सागर में बनने वाले निसर्ग चक्रवात की नमी वाली हवाओं के कारण राज्य में 5 व 6 जून को आंशिक बादल, तेज हवाओं व गरज चमक के साथ और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश संभावित है।