एचएयू के बाहरी केंद्रों पर वैक्सीनेशन शुरू, किसानों ने लगवाया टीका
- किसानों को वैक्सीन के प्रति किया जा रहा है जागरूक - प्रदेश भर के कृषि विज्ञान एवं अनुसंधान
- किसानों को वैक्सीन के प्रति किया जा रहा है जागरूक
- प्रदेश भर के कृषि विज्ञान एवं अनुसंधान केंद्रों पर लगातार लगाए जाएंगे कैंप
जागरण संवाददाता, हिसार: चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के प्रत्येक जिले में स्थापित अनुसंधान एवं कृषि विज्ञान केंद्रों पर मेगा वैक्सीनेशन कैम्प की शुरूआत हो चुकी है। इसी के तहत प्रथम चरण में कृषि विज्ञान केंद्र दामला(यमुनानगर) से इस अभियान को शुरू किया गया है। विस्तार शिक्षा निदेशक डा. रामनिवास ने बताया कि पहले चरण में दामला कृषि विज्ञान केंद्र पर केंद्र से जुड़े किसानों के लिए यह अभियान चलाया गया था, जिसमें कृषि विज्ञान केंद्र से जुड़े क्षेत्र के किसानों को वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय सदैव किसानों के हित के लिए समर्पित है और इसी कड़ी में प्रदेश में विश्वविद्यालय के अन्य बाहरी केंद्रों पर भी अब लगातार इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कैम्प के सफल आयोजन के लिए सभी कृषि विज्ञान एवं अनुसंधान केंद्रों के इंचार्जों को इस बारे में केंद्र द्वारा गोद लिए गए नजदीकी गांवों के किसानों व केंद्र के कर्मचारियों की एक सूची तैयार करते हुए उन्हें जागरूक करने को कहा गया है ताकि वैक्सीन के संबंध में किसानों के मन में किसी प्रकार की कोई भ्रांति न रहे। इसके अलावा संबंधित जिला प्रशासन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नोडल ऑफिसर से वैक्सीन की उपलब्धता और तकनीकी सहायता के लिए भी संपर्क किया जा रहा है। कैम्प के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक वैज्ञानिक की नोडल अधिकारी के रूप में ड्यूटी लगाई गई है, जो लगातार कैंप को लेकर सभी तैयारियों की रिपोर्ट मुख्यालय में देते रहेंगे।