यूपी की महिला का अपहरण कर हिसार में किया दुष्कर्म, दो साल तक लूटी अस्मत
उत्तर प्रदेश के बिजनौर थाना क्षेत्र के एक गांव से महिला का अपहरण कर हिसार जिले के बंटी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसे शादी होने के झूठे कागजात भी दिखाए।
हिसार, जेएनएन। शायद ही कोई ऐसा दिन होता है जिस दिन हरियाणा में कोई दुष्कर्म का केस दर्ज न हो। दुष्कर्म के केस लगातार सामने आ रहे हैं। मगर इनमें आरोपित पीडि़ताओं के जान पहचान में ही होते हैं। ऐसा ही एक और केस हिसार में सामने आया है। उत्तर प्रदेश के बिजनौर थाना क्षेत्र के एक गांव से महिला का अपहरण कर हिसार जिले के बंटी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसे शादी होने के झूठे कागजात भी दिखाए। उसने महिला को किराये के मकान में रखा था। चार माह से जब वह महिला से मिलने नहीं पहुंचा तो महिला को शक हुआ तो वह उसके घर गई, लेकिन आरोपित के परिवार ने उसको भगा दिया। अब पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार महिला का कई साल पूर्व अपने पति के साथ विवाद चल रहा था। उस दौरान वह कुछ समय अलग रही लेकिन परिवार का समझौता होने के कारण वह वापस चली गई। उसी दौरान उसकी बंटी के साथ मुलाकात हुई। बंटी उसको अपने पति से तलाक लेकर शादी करने का दबाव बना रहा था। ढाई साल पूर्व वह उस महिला को ससुराल से अपहरण कर ले आया। शहर में किराये के मकान में रखते हुए उसने महिला को शादी का झांसा दिया।
महिला ने जब उसको बार-बार शादी के लिए कहा तो वह एक एफिडेविट लेकर आया और बोला कि तेरा पति से तलाक हो गया है और उनकी शादी भी हो गई है। लेकिन पिछले चार माह से आरोपित उससे न मिलने आ रहा था, न ही उससे बात की। महिला बंटी के घर पर भी गई लेकिन वह नहीं मिला। अब पुलिस ने महिला की शिकायत पर दुष्कर्म सहित अनेक धाराओं के तहत आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में कई एंगिल से जांच में जुटी हुई है और आरोपित को काबू करने की बात कह रही है।