हरियाणा में सैन्य अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा, टैंक की चपेट में आने से दो जवान बलिदान
हिसार के गांव भोजराज में सैन्य प्रशिक्षण के दौरान एक टैंक की चपेट में आने से दो जवानों, नायक अंकुश कुमार और लांस नायक मनीष कुमार की दुखद मौत हो गई।
-1795353182790_m.webp)
सैन्य प्रशिक्षण के दौरान टैंक के नीचे आने से दो जवान हुए बलिदानी।
HighLights
हिसार में सैन्य प्रशिक्षण के दौरान दो जवान शहीद।
टैंक की चपेट में आने से नायक अंकुश और मनीष की मौत।
धूल के कारण चालक को दिखाई न देने से हुआ हादसा।
जागरण संवाददाता, हिसार। हिसार के तोशाम रोड स्थित गांव भोजराज के पास सैन्य प्रशिक्षण के दौरान टैंक के नीचे आने से दो जवानों की मौत हो गई। घटना शनिवार की है। सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में करीब 32 टैंकों के साथ प्रशिक्षण चल रहा था।
इस दौरान उत्तर प्रदेश बदायूं के गांव आमगांव निवासी नायक 35 वर्षीय अंकुश कुमार और उत्तर प्रदेश के ही शामली एरिया के गांव भाजू निवासी 27 वर्षीय लांस नायक मनीष कुमार टैंक मोर्चों पर तैनात थे।
टैंक चलाते समय ज्यादा धूल उड़ने के दौरान टैंक चालक को दोनों जवान दिखाई नहीं दिए और टैंक के नीचे आने से दोनों जवान घायल हो गए। दोनों को सेना के अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उपचार के दौरान दोनों की दुखद मौत हो गई।
रविवार सुबह सदर थाना पुलिस ने दोनों जवानों के शवों का नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम करवाया गया। बाद में दोनों जवानों के शवों को सैनिक छावनी ले जाया गया। वहां पर सम्मान के साथ दोनों जवानों को विदाई दी गई। इस दौरान दोनों जवानों के स्वजन मौजूद थे। सदर थाना पुलिस ने मृतक के स्वजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
बलिदानी नायक मनीष की डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
उत्तर प्रदेश के शामली एरिया के भाजू गांव निवासी 27 वर्षीय लांस नायक मनीष कुमार सात साल पहले सेना में भर्ती हुई थे। उनके पिता रामबीर सेना के कैप्टन पद से सेवानिवृत्त है। करीब डेढ़ साल पहले मनीष कुमार की शादी हुई थी। शादी के बाद अभी उनकी कोई संतान नहीं है।
बलिदानी मनीष कुमार तीन बहनों का इकलौता भाई था। स्वजनों ने बताया कि जब वे सेना में भर्ती हुआ था तो पहले ब्यास गया था। उसके बाद 2023 में हिसार में सैनिक छावनी में आया था।
उन्होंने बताया कि दो बहनों की शादी हो चुकी है उनकी एक बहन की शादी नहीं हुई। शनिवार करीब चार बजे मनीष के बलिदानी होने की सूचना मिली थी। उसके बाद घर से हिसार आने के लिए निकले थे।
दो महीने पहले एक दिन के लिए घर गया था
उत्तर प्रदेश के बदायूं के गांव आमगांव निवासी 35 वर्षीय नायक अंकुश पटेल 2010 में सेना में भर्ती हुए थे। उनके छोटे भाई विनित पटेल ने बताया कि पिता आदेश कुमार सिंह सेना में नायक पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
उन्होंने बताया कि अंकुश पटेल के 12 साल की बेटी नंदनी और छह साल का बेटा हर्ष है। हम में सबसे बड़ी बहन है। विनित ने बताया कि करीब दो महीने पहले भाई एक दिन के लिए गांव आए थे।
एक दिन का समय बिताने के बाद वापस सैनिक छावनी लौट आए। शनिवार करीब चार बजे के आसपास भाई के बलिदानी होने का समाचार मिला था। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह सैनिक छावनी पहुंचे थे।
समय-समय पर चलता रहता है सैन्य प्रशिक्षण
गांव भोजराज में सेना का सैन्य प्रशिक्षण केंद्र है। वहां पर समय-समय पर सैन्य प्रशिक्षण चलता रहता है। शनिवार दोपहर को भी वहां पर 32 टैंकों के साथ युद्ध अभ्यास चल रहा था। प्रशिक्षण के दौरान धूल उड़ने से टैंक चालक को आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया।
इसी दौरान टैंक मोर्चे पर तैनात नायक मनीष कुमार और नायक अंकुश कुमार के ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों जवान गंभीर रूप घायल हो गए। दोनों को तुरंत सेना अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।
बलिदान हुए दोनों जवानों के स्वजनों के बयान दर्ज किए है। दोनों के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। दोनों जवानों का पोस्टमार्टम करवा सेना के अधिकारी और स्वजनों के हवाले कर दिया। -अमित कुंडू, सदर थाना प्रभारी, हिसार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।