विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार में दीवाली की रात दो गुटों में झड़प, युवक की हत्या; पटाखे की पतंगें गिरने से हुआ था विवाद

Published: Mon, 09 Nov 2026 05:42 PM (IST)

बरवाला में दिवाली की रात अमन चिकन कार्नर पर पटाखों को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय मंदीप की चाकू ...और पढ़ें

हिसार में दीवाली की रात दो गुटों में झड़प। फोटो जागरण

हिसार में दीवाली की रात दो गुटों में झड़प। फोटो जागरण

HighLights

  1. दिवाली रात बरवाला में युवक की चाकू मारकर हत्या।

  2. पटाखों की पतंगों को लेकर शुरू हुआ था विवाद।

  3. एक साथी गंभीर घायल, पांच आरोपी मौके से फरार।

संवाद सहयोगी, बरवाला (हिसार)। बरवाला के बाल्मीकि चौक, टोहाना रोड स्थित अमन चिकन कार्नर पर दिवाली की रात दो गुटों के बीच हुए विवाद में 25 वर्षीय मंदीप की चाकू लगने से मौत हो गई, जबकि उसका साथी नसीब गंभीर रूप से घायल हो गया। नसीब का अग्रोहा मेडिकल कालेज में उपचार चल रहा है। तीसरे साथी सचिन ने भागकर जान बचाई।

वारदात के बाद दूसरे पक्ष के पांच युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सचिन के बयान के आधार पर जांच शुरू की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11:05 बजे मंदीप, नसीब और सचिन अमन चिकन कार्नर की छत पर दीपावली का सेलिब्रेशन कर रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर पांच युवक भी छत पर पार्टी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि पटाखे की पतंगें दूसरे पक्ष की तरफ गिरने को लेकर दोनों गुटों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।

बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। इसके बाद दूसरे पक्ष के युवक सीढ़ियों से नीचे उतर आए। आरोप है कि मंदीप और उसके साथी भी उनके पीछे नीचे आए। इसी दौरान दूसरे पक्ष के युवकों ने मंदीप पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में मंदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और नसीब को भी चाकू लगने से गंभीर चोटें आईं। सचिन ने मौके से भागकर जान बचाई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले गई। चिकित्सकों ने मंदीप को मृत घोषित कर दिया। नसीब की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

सुबह पहुंची सीन ऑफ क्राइम टीम

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। सोमवार सुबह सीन आफ क्राइम टीम भी अमन चिकन कार्नर पहुंची और जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह और थाना प्रभारी जितेंद्र मामले की जांच कर रहे हैं।

आरोपितों की धरपकड़ में जुटी सीआईए

पुलिस ने सचिन के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू की है। बरवाला सीआईए टीम आरोपितों की धरपकड़ में जुटी है। पुलिस फरार युवकों की पहचान करने के साथ वारदात में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, आगे की कार्रवाई जांच और बयानों के आधार पर की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।