हिसार में सैनिक छावनी के पास टायर फटने से पलटा ट्रक, भंडारा लगाने जा रहे 6 श्रद्धालु घायल
हिसार में सैनिक छावनी के पास एक ट्रक का टायर फटने से वह पलट गया, जिसमें गोगामेड़ी भंडारे के लिए जा रहे छह श्रद्धालु घायल हो गए।

सैनिक छावनी के पास टायर फटने से पलटा ट्रक, गोगामेड़ी भंडारा लगाने जा रहे छह श्रद्धालु घायल।
HighLights
हिसार में सैनिक छावनी के पास ट्रक पलटा
गोगामेड़ी भंडारे जा रहे छह श्रद्धालु घायल हुए
टायर फटने से हादसा, सड़क पर जाम लगा
जागरण संवाददाता, हिसार। सैनिक छावनी के पास सोमवार सुबह टायर फटने से ट्रक डिवाइडर से टकराते हुए सड़क पर पलट गया। ट्रक में सवार करीब छह श्रद्धालुओं को चोटें लगीं। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों को ट्रक से बाहर निकाला और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
ट्रक पलटने के कारण भंडारे का सामान सड़क पर बिखर गया। काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारियों ने लोगों की मदद से सामान सड़क से उठवाया। वहीं क्रेन की सहायता से ट्रक को सड़क के बीच से हटवाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को छुट्टी दे दी। सभी श्रद्धालु नई दिल्ली के साकेत इलाके के रहने वाले हैं। सभी नई दिल्ली से गोगामेड़ी पूजा-अर्चना करने और भंडारा लगाने के लिए जा रहे थे।
चालक को चाय पीने के लिए ट्रक रोकने को कहा था
नई दिल्ली के साकेत एरिया में रहने वाले देवेंद्र और राम गोपाल ने बताया कि उनका परिवार पिछले 35 सालों से राजस्थान के भादरा स्थित गोगामेड़ी धार्मिक स्थल पर भंडारा लगाते आ रहे हैं।
हर बार की तरह इस साल भी परिवार और परिचितों के साथ रात दो बजे दिल्ली से गोगामेड़ी में भंडारा लगाने और पूजा-अर्चना करने के लिए निकले थे। सुबह करीब सात बजे सैनिक छावनी के पास ट्रक चालक को कहा कि किसी ढाबे पर चाय पीने के लिए रोक देना।
चालक को एक ढाबा दिखाई दिया और उसने ट्रक की गति को कम कर दिया। इसी दौरान अचानक ट्रक का एक टायर फट गया। जिस कारण वह सड़क पर पलट गया। ट्रक में भंडारे का सामान होने क कारण छह श्रद्धालुओं को चोटें आई।
15 के करीब श्रद्धालु थे सवार
उन्होंने बताया कि ट्रक में 15 के करीब श्रद्धालुगण सवार थे। ट्रक पलटने के कारण देवेंद्र (50), राकेश (45), राजकुमार (70), रमेश कुमार (24), सिद्धार्थ (23) और हिमांशु (23) को चोटें आईं। सभी को उपचार के लिए हिसार में नागरिक अस्पताल लेकर आए। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी।
