यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रोहतक में तीन युवकों ने दुकानदार और रेहड़ी वालों को बनाया निशाना, लूट की वारदात को दिया अंजाम
रोहतक में श्रीराम नगर कालोनी निवासी अमन ने बताया कि उसने अपने घर में ही किरयाणा स्टोर कर रखा है। ...और पढ़ें

रोहतक, जागरण संवाददाता। रोहतक में बाइक सवार तीन बदमाशों ने शहर में दो स्थानों पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। श्रीराम नगर में दुकानदार से पांच हजार व अमृत कालोनी में रेहड़ी वाले से आठ हजार रुपये लूट ले गए। पीड़ितों की शिकायत पर शिवाजी कालोनी थाना पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्रीराम नगर में दुकानदार और अमृत कालोनी में रेहड़ी वाले से लूटपाट
श्रीराम नगर कालोनी निवासी अमन ने बताया कि उसने अपने घर में ही किरयाणा स्टोर कर रखा है। शुक्रवार को देर शाम वह अपनी दुकान के अंदर अकेला बैठा हुआ था। उसी दौरान तीन बदमाश दो बाइक पर सवार होकर आए। आरोपितों ने बाइक गली में खड़ी में करके उसके दुकान में घुस आए। तीनों लोगों ने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। एक बदमाश ने उसकी तरफ पिस्तौल निकाल कर कहा कि पीछे हो जा और इतना कहते ही दुकान के काउंटर से गल्ला निकालकर अपनी बाइकों पर बैठकर बाइपास की तरफ भाग गए। गल्ले में उस समय करीब पांच हजार रुपये थे। पीड़ित की शिकायत पर शिवाजी कालोनी थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेहड़ी वाले से छीने आठ हजार रुपये
अमृत कालोनी निवासी राजू ने बताया कि रात के समय करीब 11 बजे सब्जी की रेहड़ी अपने भाई के मकान पर खड़ी करके वापस अपने घर पर आ रहा था। राजू की परचून की दुकान के सामने पहुंचा तो सामने से तीन नौजवान लडके बाइक पर आए और उसे रोक लिया। आरोपितों से आठ हजार रुपये उसकी जेब से निकाल लिए और भागने लगे। उसका विरोध करके पकड़ने की कोशिश की तो वह गिर गया और उसके पैर में चोट लग गई। पीड़ित की शिकायत पर शिवाजी कालोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुुरू कर दी है।
