मामा के घर आई हुई थी किशोरी, खेत में ले जाकर तीन युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
पीडि़त किशोरी के मामा ने बताया कि उसकी भानजी अपनी मां के साथ मिलने के लिए उनके गांव आई हुई थी। 4 जुलाई की रात को वह अपने परिवार के साथ आंगन में सोए हुए थे। भानजी रात को गायब मिली।
तोशाम/भिवानी, जेएनएन। दुष्कर्म के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, इनमें ज्यादातर नाबालिग लड़कियों के हैं। क्षेत्र के एक गांव में अपने मामा के घर आई 16 वर्षीय किशोरी के साथ तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीडि़त किशोरी के मामा ने बताया कि उसकी भानजी अपनी मां के साथ मिलने के लिए उनके गांव आई हुई थी। 4 जुलाई की रात को वह अपने परिवार के साथ आंगन में सोए हुए थे। उसके पास उसकी 16 वर्षीय भानजी भी चारपाई पर सोई हुई थी। जब उसकी मां रात को पानी पीने के लिए उठी तो भानजी चारपाई से गायब थी। उसके बाद उसने अपने भानजी को तलाशने का काम शुरू किया।
पीडि़त के मामा ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे उन्हें एक बाइक की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने देखा तो जल्दबाजी में बाइक पर सवार तीनों युवक गिर गए। जब उन्होंने बाइक सवार युवकों को पकड़कर पूछा तो उन्होंने अपना नाम राजेश व जयदेव बताया जबकि तीसरा आरोपित फतेह सिंह वहां से भाग गया। इसके बाद उसकी भानजी ने रोते हुए बताया कि तीनों युवक उसे खेत में ले गए और उसके साथ गलत काम किया। पुलिस ने पीडि़त युवती मामा की शिकायत पर तीनों आरोपितों के खिलाफ पोक्सो एक्ट और एसएसीएसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मायके आई विवाहिता संदिग्ध हालत में हुई लापता
भिवानी : 21 वर्षीय एक युवती शनिवार को संदिग्ध हालत में लापता हो गई। स्वजन उसकी तलाश में भटक रहे है। वह अपने दो साल के बेटे को ससुराल छोड़कर मां के घर आई हुई थी। युवती की मां ने घटना की शिकायत शहर थाना पुलिस से की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सराय चौपटा आजाद मोहल्ला निवासी एक महिला ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 21 साल की बेटी की शादी बहादुरगढ़ निवासी एक युवक के साथ की हुई है। उसका करीब दो साल का एक लड़का है। उसने बताया कि वह अपने मायके भिवानी आई हुई थी। उसका बेटा बहादुरगढ़ ही था। वह घर से बिना बताए अचानक गायब हो गई। उसके ससुराल पूछा तो वह वहां भी नहीं गई। उसे काफी तलाश किया गया, लेकिन कहीं नहीं मिली। अब हार थक कर मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस से की। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की खोजबीन शुरू कर दी है।