विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Haryana Weather: हिसार के बालसमंद में सबसे ठंडी रात, 8.9 डिग्री पर पहुंचा पारा; 28 नवंबर तक खुश्क रहेगा मौसम

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:00 AM (IST)

हिसार के बालसमंद में 8.9 डिग्री सेल्सियस के साथ हरियाणा की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जबकि प्रदेश में ठंड के साथ स्माग का असर भी बढ़ रहा है।

हिसार के बालसमंद में सबसे ठंडी रात, 8.9 डिग्री पर पहुंचा पारा।

हिसार के बालसमंद में सबसे ठंडी रात, 8.9 डिग्री पर पहुंचा पारा।

HighLights

  1. बालसमंद में 8.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात दर्ज।

  2. प्रदेश में स्माग बढ़ा, धारूहेड़ा का एक्यूआई 277 तक पहुंचा।

  3. 28 नवंबर तक मौसम खुश्क, सुबह हल्की धुंध की संभावना।

जागरण संवाददाता, हिसार। हरियाणा में ठंड के साथ स्माग का असर भी बढ़ने लगा है। राजस्थान सीमा से सटे हिसार के बालसमंद क्षेत्र में प्रदेश की सबसे ठंडी रात रही। यहां न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी रात का तापमान 10 डिग्री के आसपास रहा। इस बीच, स्माग के कारण हवा की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। धारूहेड़ा में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 277 तक पहुंच गया, जबकि भिवानी में 268 और हिसार व गुरुग्राम में 246 दर्ज किया गया।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार प्रदेश में 28 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं। उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। इससे रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन अलसुबह हल्की से मध्यम धुंध भी रहने की संभावना है। ऐसे में सुबह के समय वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत होगी। रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड का असर और बढ़ सकता है, जबकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

प्रदेश में तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो नारनौल में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, करनाल में 9.5 डिग्री और हिसार शहर में 10.4 डिग्री दर्ज किया गया। भिवानी में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री, सिरसा में 11 और रोहतक में 11.4 डिग्री रहा। हिसार के बालसमंद में पारा इन शहरों से नीचे रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।