सिरसा में उद्योगों व वेल्डिंग दुकानों पर ऑक्सीनज की बंद की सप्लाई, एजेंसियों के आगे पुलिस का पहरा
कोविड मरीजों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने ऑक्सीजन सिलेंडरों के औद्योगिक प्रयोग पर रोक लगा दी है। शुक्रवार को विभिन्न इंडस्ट्रीज व वेल्डिंग की दुकानों पर ऑक्सीजन गैस की सप्लाई रोक दी गई। निजी अस्पतालों को भी सीमित मात्रा में सप्लाई दी गई।
सिरसा, जेएनएन। सिरसा में शुक्रवार को सीनियर ड्रग कंट्रोलर निरुपम गोयल की निगरानी में ही निजी अस्पतालों व कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए ऑक्सीजन गैस की सप्लाई दी गई। शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थित अॉक्सीजन गैस एजेंसियों के आगे पुलिस जवानों की तैनाती की गई। कोविड मरीजों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने ऑक्सीजन सिलेंडरों के औद्योगिक प्रयोग पर रोक लगा दी है। शुक्रवार को विभिन्न इंडस्ट्रीज व वेल्डिंग की दुकानों पर आॅक्सीजन गैस की सप्लाई रोक दी गई। निजी अस्पतालों को भी सीमित मात्रा में सप्लाई दी गई।
सीनियर ड्रग कंट्रोलर डा. निरुपम गोयल ने बताया कि जिले में फिलहाल ऑक्सीजन की किल्लत नहीं है। सोनीपत से भी सप्लाई आ रही है। उन्होंने बताया कि ऑक्सीजन सिलेंडरों को सिर्फ कोविड मरीजों के उपचार के लिए दिया जा रहा है। औद्योगिक इकाइयों को सप्लाई नहीं दी जा रही, साथ ही इलेक्टिव आप्रेशन भी टाले जा रहे हैं। सिर्फ अति जरूरी आप्रेशन ही किए जा रहे हैं।
डबवाली रोड स्थित सुमित ऑक्सीजन गैस एजेंसी के संचालक अनिल बांगा ने बताया कि जिले में ऑक्सीजन की किल्लत नहीं है। प्रशासन के निर्देशानुसार ऑक्सीजन सप्लाई कर रहे हैं। घरों में होम आइसोलेट कोविड मरीजों के लिए भी चिकित्सक के परामर्श के बाद ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्हाेंने बताया कि सिरसा में ऑक्सीजन सिलेंडरों की रिफ्लिंग के लिए प्लांट भी शुरू हो गया है। हमारा प्रयास रहेगा कि कोविड मरीजों को ऑक्सीजन के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
पानीपत से आ रहे ऑक्सीजन गैस टैंकर के गायब होने की घटना के बाद पुलिस ने ऑक्सीजन टेंकरों की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पानीपत से ऑक्सीजन लेकर आ रहे टैंकर को एस्कार्ट करने के लिए पुलिस की गाड़ी गई है। इसके साथ ही गैस एजेंसियों व रिफ्लिंग प्वाइंट पर भी सुरक्षा बढ़ाई है।