सिरसा में अभी तक 54 फीसद बिजली उपभोक्ताओं ने अपडेट नहीं करवाया KYC, बंद हो सकती है सब्सिडी
सिरसा जिले के तीन लाख 59 हजार उपभोक्ताओं में से अब तक एक लाख 67 हजार उपभोक्ताओं ने अपना केवाईसी अपडेट करवा दिया है। निगम द्वारा उपभोक्ताओं को केवाईसी अपडेट करवाने के लिए 31 जनवरी तक का समय दिया गया है।
सिरसा, जेएनएन। बिजली निगम द्वारा उपभोक्ताओं को बिजली अकाउंट में मोबाइल व आधार नंबर अपडेट करवाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिले के तीन लाख 59 हजार उपभोक्ताओं में से अब तक एक लाख 67 हजार उपभोक्ताओं ने अपना केवाईसी अपडेट करवा दिया है। निगम द्वारा उपभोक्ताओं को केवाईसी अपडेट करवाने के लिए 31 जनवरी तक का समय दिया गया है।
निगम अधिकारियों का कहना है कि अगर उपभोक्ता केवाईसी अपडेट नहीं करवाते हैं तो उन्हें सब्सिडी के अलावा निगम से जुड़ी अन्य सुविधाएं जैसे बिजली बिल की ऑनलाइन जानकारी, संबंधित एरिया में बिजली सप्लाई इत्यादि बारे जानकारी भी नहीं मिल पाएगी। बिजली बिलों पर प्रति यूनिट सब्सिडी देने वाल यह सर्कुलर जून 2020 में जारी हुआ था लेकिन नवंबर 2020 से लागू हुआ है। निगम द्वारा अभियान चलाकर 46.51 फीसद उपभोक्ताओं की केवाईसी अपडेट करवाई है।
जिन उपभोक्ताओं के नाम नहीं बिजली मीटर वे नेम चेंज करवा सकते हैं
निगम केवाईसी अपडेट अभियान के तहत बिजली मीटर में नाम बदलवाने की प्रक्रिया भी कर रहा है। कई उपभोक्ताओं के बिजली मीटर उनके नाम नहीं है बल्कि पुराने नामों से चल रहे हैं कहीं पुराने मकान मालिक का नाम है तो कहीं बिजली मीटर उनके नाम है, जिनकी मृत्यु हुए ही वर्षों बीत गए। ऐसे में मकान की रजिस्टरी व शपथपत्र देकर ऑनलाइन एप्लीकेशन से नाम बदलवाया जा सकता है। निगम एक सप्ताह के भीतर नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी कर देता।
---निगम द्वारा उपभोक्ताओं के केवाईसी अपडेट करने का अभियान चलाया जा रहा है। जिले में तीन लाख 59 हजार उपभोक्ता है, इनमें से एक लाख 67 हजार उपभोक्ता केवाईसी अपडेट करवा चुके हैं। अभी करीब एक लाख 02 हजार उपभोक्ताओं ने केवाईसी अपडेट नहीं करवाई है। जो उपभोक्ता शेष रहे हैं, उनसे आग्रह है कि वे अपना आधार व मोबाइल नंबर अपडेट करवाएं। घर बैठे ऑनलाइन भी निगम की साइट पर जाकर केवाईसी अपडेट किया जा सकता है। जिन उपभोक्ताओं के केवाईसी अपडेट नहीं होगा, उन्हें सब्सिडी न मिलने व निगम की अन्य सुविधाएं न मिलने की परेशानी आ सकती है।
- चंद्रशेखर जाखड़, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम