विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार में पराली विवाद ने ली जान, पिकअप ड्राइवर की चाकू घोंपकर हत्या; पुलिस पर FIR फाड़ने का आरोप

Published: Fri, 13 Nov 2026 12:38 PM (IST)

हिसार में पराली के तुड़े को लेकर हुए विवाद में पिकअप चालक रोहताश की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

पराली के तुड़े को लेकर हुई कहासुनी में पिकअप चालक की चाकू घोंपकर हत्या।

पराली के तुड़े को लेकर हुई कहासुनी में पिकअप चालक की चाकू घोंपकर हत्या।

HighLights

  1. पराली के तुड़े को लेकर हुई कहासुनी में हत्या

  2. पिकअप चालक रोहताश को चाकू घोंपकर मार डाला गया

  3. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जांच जारी

जागरण संवाददाता, हिसार। बालसमंद-गालड़ रोड पर पराली के तुड़े को लेकर हुई कहासुनी के बाद पिकअप चालक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चूरू जिले के सादपुरा निवासी रोहताश के रूप में हुई है। आरोप है कि पुरानी कहासुनी की रंजिश में अजय और रोहित उर्फ धोनी ने उसकी पिकअप रुकवाकर मारपीट की और रोहित उर्फ धोनी ने उसकी दाहिनी छाती में चाकू घोंप दिया।

गंभीर हालत में रोहितास को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जिंदल अस्पताल में मृतक के स्वजन और ग्रामीण एकत्रित हो गए और हंगामा किया।

स्वजन ने पुलिस पर शुरुआत में लिखी गई एफआईआर फाड़ने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच सीआईए से करवाने की मांग की। वहीं, पुलिस का कहना है कि एफआईआर में गांवों के नाम गलत लिखे गए थे, इसलिए दोबारा बयान देने के लिए कहा गया था। पुलिस ने स्वजन को बताया कि मामले में दो आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं और दो गाड़ियां बरामद की गई हैं।

पराली के तुड़े को लेकर हुई थी कहासुनी

शिकायतकर्ता सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई रोहिताश और गांव का राहुल पिकअप गाड़ी में पराली के तुड़े ढोने का काम करते थे। 10 नवंबर को दोनों अपनी गाड़ी लेकर पराली भरने के लिए घिराय गए थे। वे तीन पिकअप गाड़ियों में साथ चल रहे थे।

रात करीब पौने दस बजे चंदन नगर के पास पराली के तुड़े को लेकर रोहताश की अजय और रोहित उर्फ धोनी के साथ कहासुनी हो गई थी। उस समय साथियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया था। हालांकि आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

गाड़ी रुकवाकर बाहर खींचा, छाती में घोंपा चाकू

शिकायत के अनुसार, इसके बाद रोहिताश बालसमंद से गालड़ रोड की तरफ पहुंचा तो आरोपितों ने अपनी गाड़ी से डिपर देकर उसकी पिकअप रुकवा ली। इसके बाद उसे गाड़ी से बाहर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान रोहित उर्फ धोनी ने जान से मारने की नीयत से उसकी दाहिनी छाती में चाकू घोंप दिया। बीच-बचाव करने आए राहुल को भी धक्का देकर हटा दिया गया। वारदात के बाद आरोपित अपनी गाड़ियां लेकर मौके से फरार हो गए।

रात करीब 12:15 बजे राहुल ने फोन कर रोहताश के भाई सुरेंद्र को घटना की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो रोहताश खून से लथपथ सड़क किनारे पड़ा था। उसे तुरंत जिंदल अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण सर्जरी भी की गई, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

निजी अस्पताल में स्वजन और ग्रामीणों ने किया हंगामा

रोहिताश की मौत की सूचना मिलने के बाद जिंदल अस्पताल में ग्रामीण और स्वजन एकत्रित हो गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया। स्वजन ने आरोप लगाया कि शुरुआत में जो एफआईआर लिखी गई थी, उसे पुलिसकर्मियों ने फाड़ दिया। इसके बाद पुलिस की तरफ से दोबारा बयान देने के लिए कहा गया।

इस बात को लेकर स्वजन में रोष था। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच सदर थाना पुलिस के बजाय सीआईए से करवाई जाए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके। हंगामे की सूचना मिलने पर सदर थाना एसएचओ अस्पताल पहुंचे और स्वजन से बातचीत की।

पुलिस बोली- एफआईआर में गांवों के नाम गलत थे

एफआईआर फाड़ने के स्वजन के आरोप पर पुलिस का कहना है कि शुरुआती एफआईआर में गांवों के नाम गलत लिखे गए थे। इसी वजह से स्वजन को दोबारा बयान देने के लिए कहा गया था। पुलिस ने स्वजन को बताया कि मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो गाड़ियां भी बरामद की गई हैं।

शुरुआत में हिसार सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 109(1), 115 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। रोहताश की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।