लघु सचिवालय में हड़ताल बेअसर तो रोडवेज समेत नौ विभागों से 1778 कर्मचारियों ने नहीं किया काम
जागरण संवाददाता हिसार सर्व कर्मचारी संघ द्वारा बुधवार को बुलाई गई राष्ट्रव्यापी हड़ताल क
जागरण संवाददाता, हिसार: सर्व कर्मचारी संघ द्वारा बुधवार को बुलाई गई राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर हिसार में नौ विभागों में ही देखने को मिला। लघु सचिवालय स्थित विभागों में तो कर्मचारी काम करते नजर आए मगर सचिवालय परिसर से बाहर के विभागों में कर्मचारियों ने हड़ताल का समर्थन किया। हिसार में करीब 1778 कर्मचारी हड़ताल में भाग लेने के कारण अनुपस्थित रहे, जिसमें सबसे अधिक 688 कर्मचारी रोडवेज विभाग तो दूसरे स्थान पर नगर निगम के 750 कर्मचारी व तीसरे स्थान पर सिचाई विभाग भाखड़ा से 203 कर्मचारियों ने हड़ताल में भाग लेकर काम नहीं किया। ऐसे में हड़ताल में शामिल होने वाले कर्मचारियों की जानकारी प्रशासन द्वारा सरकार को भेजी गई है। इसमें से सैकड़ों की संख्या में कच्चे कर्मचारी भी विभिन्न विभागों के अलस से शामिल हैं। सभी कर्मचारी एकजुट होकर क्रांतिमान पार्क में एकत्रित हुए, जहां मांगों को लेकर नारेबाजी की।
------------------------
इन विभागों के कर्मचारी रहे हड़ताल पर
रोडवेज विभाग- 688
पीडब्ल्यूडी- 37
वन विभाग वाइल्ड लाइफ- 5
सरकारी आइटीआइ- 24
सिचाई विभाग भाखड़ा बांध- 203
सिविल सर्जन हिसार- 8
लुवास- 8
नगर निगम- 750
आयकर विभाग- 55
---------------------
हड़ताल का यह पड़ा प्रभाव
हड़ताल की वजह से नगर निगम में नागरिक सेवा केन्द्र की सभी सुविधाएं प्रभावित रहीं। जिसमें प्रतिदिन 100 जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, सवा सौ हाउस टैक्स के काम, 10 विवाह प्रमाण पत्र व जाति रिहायशी व आय प्रमाण पत्रों के सवा सौ काम पूरी तरह प्रभावित रहे। वहीं आयकर विभाग में 12 आइटीओ और 43 अन्य कर्मचारी हड़ताल पर रहे। जिसके कारण आयकर असेसमेंट व अन्य विभागीय काम नहीं हो सके। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी में विभागीय काम प्रभावित रहा।