यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sonali Phogat की हत्या हुई, भाई ने गोवा पुलिस को दी शिकायत में पीए सुधीर पर जड़े आरोप, आखिरी फोन का भी जिक्र
सोनाली के भाई ने पीए सुधीर सांगवान पर तीन साल पहले संतनगर स्थित निवास पर नशीला पदार्थ खिलाकर सोनाली फोगाट ...और पढ़ें

अमित रूखाया, फतेहाबाद : सोनाली फोगाट के मौत मामले में चौंकाने वाला एवं सनसनीखेज खुलासा हुआ है। सोनाली फोगाट के स्वजनों ने गोवा पुलिस को दी गई शिकायत में सोनाली की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पीए सुधीर सांगवान पर तीन साल पहले संतनगर स्थित निवास पर नशीला पदार्थ खिलाकर सोनाली फोगाट का वीडियो बनाने आरोप जड़े हैं। इतना ही नहीं, परिजनों का तो यहां तक आरोप है कि सुधीर सांगवान वीडियो के सहारे उसे लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था।
शिकायत में मृतक सोनाली फोगाट के भाई रिंकू ढाका ने आरोप लगाए हैं कि ये बातें सोनाली फोगाट ने 22 अगस्त की शाम को अपने जीजा अमन पूनियां को फोन पर बताई थी और अगले दिन सुबह आठ बजे उसकी मौत की सूचना परिवार को दी गई। अमन पूनियां के मुताबिक सोनाली ने उन्हें बताया था कि वो जल्दी ही गोवा से वापस आकर इस मामले में सारी बात बताएंगी। लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
रिंकू ढाका ने ये भी आरोप लगाया है कि सोनाली ने परिजनों को बताया था कि सुधीर वीडियो को वायरल करने की धमकी देते हुए कहता है कि वो उसका फिल्मी व राजनीतिक करियर खत्म कर देगा। इतना ही नहीं, उसने सोनाली के प्रोपर्टी के कागजात, एटीएम, बैंक डिटेल्स और अलमारियों की चाबी तक अपने कब्जे में रखी हुई हैं। रिंकू के मुतबिक अमन पूनियां से बातचीत में सोनाली ने इतना तक कहा कि सुधीर सांगवान अपने दोस्त सुखविंदर के साथ मिलकर कुछ भी कर सकते हैं और फिर एकदम से फोन काट दिया।
बाद में रात को हुई बातचीत में भी सोनाली ने यही कहा कि उसे सुधीर ने खाना दिया है, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ रही है और शरीर सुन्न पड़ रहा है। रिंकू ने आगे बताया कि 23 अगस्त की सुबह साढ़े आठ बजे सुधीर सांगवान का फोन उसे आता है जिसमें वो बताता है कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सोनाली की मौत हो गई है। जिसके बाद वो परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा तो वहां पर ना तो कोई शूटिंग थी और ना कोई कार्यक्रम ।
फार्म हाउस से चाेरी हुआ सामान
सोनाली फोगाट के भानजे वकील विकास ने भी पीए सुधीर पर ही आरोप लगाए हैं। हत्या करवाने के अलावा सोनाली के फार्म हाउस से लैपटाप, मोबाइल, सीसीटीवी डीवीआर व जरूरी कागजात चोरी होने की जानकारी भी दी है। विकास ने कहा कि सामान की चोरी पीए सुधीर ने ही करवाई है।
बहनों ने पीए सुधीर के नार्को टेस्ट की रखी मांग
सोनाली फोगाट की बहन रेमन व रुकेश ने प्रैसवार्ता कर पीए सुधीर के नार्को टेस्ट करवाने की मांग रखी है। बहन रुकेश ने कहा कि सोनाली ने मौत वाली रात मुझे और मां को फोन किया था। कहा था कि मेरे साथ कुछ गलत हुआ है। आकर बताऊंगी। मगर सुबह उसकी मौत की खबर ही पहुंची।
गोवा पुलिस पर सहयोग नहीं करने का लगाया आरोप
हिसार से गोवा पहुंचे सोनाली के भाई वतन ढाका सोनाली के फेसबुक पेज पर लाइव आए और गोवा पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। वतन ढाका ने कहा कि हम आरोपित सुधीर सांगवान पर केस दर्ज होने के बाद ही पोस्टमार्टम करवाना चाहते हैं। मगर गोवा पुलिस ऐसा नहीं कर रही है। वतन ढाका ने कहा कि हम बहन का पोस्टमार्टम भी दिल्ली के एम्स अस्पताल में करवाना चाहते हैं।
सोनाली को पहले ही हो गया था अंदेशा
सोनाली ने मौत वाली रात अपनी मां व बहन रुकेश को तीन से चार बार फोन किया था। सोनाली परेशान थी और घबराई हुई थी। बहन रुकेश का कहना है कि सोनाली को पहले ही आभास हो गया था कि उसके साथ कुछ गलत होने वाला है। सोनाली कुछ बड़ी बात बताने वाली थी, मगर इससे पहले ही उसकी हत्या करवा दी गई।
माता-पिता के जाने के बाद पीछे रह गई इकलौती बेटी
सोमानी फोगाट के पति की छह साल पहले इसी तरह की घटना में मौत हो गई थी। सोनाली तब मुंबई गई हुई थी और उनके पति का शव फार्म हाउस पर मिला था। अपनी इकलौती बेटी की परवरिश सोनाली ही कर रही थी। अब उनकी भी मौत होने से 16 वर्षीय यशोदरा अकेली रह गई है।
क्यों इतनी चर्चित हुई सोनाली फोगाट
अभिनय करते करते राजनीति में कदम रखने वाले सोनाली फोगाट हमेशा विवादों में रहती थी। मार्केट कमेटी के सचिव को चप्पलों से पीटने, बहन और जीजा पर केस दर्ज करवाने, भारत माता की जय नहीं कहने पर लोगों को पाकिस्तानी कहने और पूर्व सीएम भजनलाल के बेटे कुलदीप के खिलाफ चुनाव लड़ने के चलते वो हमेशा सुर्खियों मे बनी रहती थी। मगर बिग बास में सलमान से उलझने और अली गोनी पर उनका दिल आने की बातों ने उन्हें और भी प्रचलित कर दिया।