ग्रुप-डी में बेटे का दिन में हुआ सेलेक्शन, रात में जश्न मना रहे पिता की गोली मारकर हत्या
वारदात को मृतक के ही ताऊ के लड़के ने अंजाम दिया। आरोपित दिल्ली पुलिस में सिपाही है। घटना के बाद वह फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाच शुरू की गई।
बहादुरगढ़, जेएनएन। रविवार को जारी हुए ग्रुप डी भर्ती के रिजल्ट के बाद जिन लोगों का चयन हुआ उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। बहादुरगढ़ में भी एक युवक की नौकरी लगी तो माहौल खुशनुमा हो गया। परिवार के लिोग भी जश्न मनाने में जुट गए मगर यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं चली। आसौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत खरहर गांव में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को मृतक के ही ताऊ के लड़के ने अंजाम दिया। आरोपित दिल्ली पुलिस में सिपाही है। घटना के बाद वह फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाच शुरू की गई।
जानकारी के मुताबिक खरहर गाव के कर्मबीर के लड़के का ग्रुप डी में सेलेक्शन हुआ था। परीक्षा का परिणाम रविवार को ही आया था। इस पर कर्मबीर ने अपने ताऊ के बेटे सतबीर को भी जश्न के लिए बुला लिया। रात में दोनों ने बैठकर शराब पी। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों में तकरार हो गई। बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। इस पर सतबीर ने कर्मबीर को धमकी दी कि घर से बाहर निकल, तुझे गोली मारूंगा।
जब कर्मबीर घर से बाहर निकला तो आरोपित सतबीर ने उसके सिर में गोली मार दी। इससे कर्मबीर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से भाग निकला। उधर, आसौदा के थाना प्रभारी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और जाच शुरू कर दी।