सिरसा में बाजार खुलने का समय छह बजे से आठ बजे तक करने की दुकानदारों ने उठाई मांग
हरियाणा के 22 जिलों में से 19 जिलों में शाम 6 बजे बाजार बंद करने के आदेश बीते कई दिनों से लागू हैं। इसमें जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी दुकानें बंद नहीं करने पर जुर्माना भी किया जा रहा है। वहीं छह बजते ही गश्त शुरू हो जाती है
जागरण संवाददाता, सिरसा। कोरोना को लेकर बाजार शाम छह बजे बंद किया जा रहा है। बाजार खुलने का समय शाम छह बजे तक से बढ़ाकर आठ बजे तक करने की मांग को लेकर हरियाणा व्यापार मंडल ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम जयवीर यादव को सौंपा गया। इससे पहले व्यापार मंडल के सदस्य सुबह 11 बजे लघु सचिवालय के सामने एकत्रित हुए।
व्यापार मंडल के जिला प्रधान हीरालाल शर्मा ने कहा कि रेहड़ी, फड़ी, छोटे व मध्यम वर्गीय व्यापारियों का काम छह बजे के बाद ही शुरू होता है, लेकिन कोविड हिदायतानुसार बाजार छह बजे बंद कर दिए जाते हैं जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। बता दें कि हरियाणा के 22 जिलों में से 19 जिलों में शाम 6 बजे बाजार बंद करने के आदेश बीते कई दिनों से लागू हैं। इसमें जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी दुकानें बंद नहीं करने पर जुर्माना भी किया जा रहा है। वहीं शाम छह बजते ही गश्त शुरू कर दी जाती है।
व्यापारियों के कामकाज से एतराज क्यों
उन्होंने कहा कि बसें, रेलवे, सरकारी कार्यालय सहित सब कुछ खुला है तो ऐसे में व्यापारियों का कामकाज से क्यों एतराज किया जाता है। उन्होंने कहा कि मजदूर हों या सरकारी कर्मचारी डयूटी खत्म करने के बाद बाजारों में सामान खरीदते हैं, इसलिए बाजार खुलने का समय रात आठ बजे तक किया जाए। व्यापारियों की यूनियनों के सभी पदाधिकारियों आज दुकाने खुलने का समय बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदेशस्तर पर ज्ञापन सौंप रहे हैं। इसी कड़ी में सिरसा में ज्ञापन सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांग नहीं मानी जाती तो मजबूरन आंदोलन की राह पकड़नी पड़ेगी।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद बियानी, जिला संरक्षक राजकरण भाटिया, महासचिव जयप्रकाश भोलूसरिया, सिरसा के युवा अध्यक्ष संदीप मिढा, अनिल बांगा, राजकुमार चावला, विमल स्वामी, सतीश शर्मा, नरेंद्र कुमार सैनी, रमेश ग्रोवर, राजेश सरदाना, कृष्ण मकानी, सुमित मुंजाल, पंकज खुराना, हितेश कुमार, रामलाल, मोहित खन्ना, रवि मोंगा, विवेक सैनी, परमानंद कक्कड़, वेद भूषण गर्ग व अन्य सदस्य मौजूद रहे।