देश के दस सबसे प्रदूषित शहरों में हरियाणा के 7 शहर, गैर NCR क्षेत्र भी चपेट में; दीवाली में आतिशबाजी के बाद बिगड़ी हवा
दीपावली के बाद हरियाणा में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है, देश के दस सबसे प्रदूषित शहरों में ...और पढ़ें
-1794229207919_m.webp)
देश के दस सबसे प्रदूषित शहरों में हरियाणा के 7 शहर। फोटो जागरण
जागरण टीम, हिसार। दीपावली के बाद हरियाणा में वायु प्रदूषण का कहर बढ़ गया है। देश के दस सबसे प्रदूषित शहरों में प्रदेश के सात शहर शामिल हैं। बहादुरगढ़ 400 वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) के साथ देश में पहले स्थान पर रहा। चरखी दादरी में 389 एक्यूआइ दर्ज किया गया, जो देश में दूसरे स्थान पर रहा। रोहतक 378 एक्यूआइ के साथ चौथे स्थान पर रहा।
इसके अलावा फरीदाबाद और पंचगांव में 350, कैथल में 347 और गुरुग्राम में 345 एक्यूआइ दर्ज किया गया। दीपावली से पहले और त्योहार की शाम तक कई शहरों में प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत स्थिर रहा, लेकिन अगले दिन इसमें तेजी से बढ़ोतरी हुई। आंकड़ों से स्पष्ट है कि प्रदूषण की समस्या राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) तक सीमित नहीं रही। गैर-एनसीआर क्षेत्र कैथल और गैर-धान बेल्ट के भिवानी में भी प्रदूषण बढ़ने से चिंता गहरा गई है।
आतिशबाजी के बाद बिगड़ी हवा
सीपीसीबी के सात से नौ नवंबर तक के आंकड़ों में दीपावली के बाद प्रदूषण बढ़ने का रुझान सामने आया है। बहादुरगढ़ में सात नवंबर को एक्यूआइ 340 था, जो आठ नवंबर को घटकर 310 रह गया। नौ नवंबर को यह बढ़कर 400 पर पहुंच गया।
चरखी दादरी में सात नवंबर को 312 और आठ नवंबर को लगभग 295 एक्यूआइ दर्ज किया गया था, लेकिन नौ नवंबर को सूचकांक बढ़कर 389 हो गया। रोहतक में भी सात नवंबर के 315 और दीपावली की शाम के 328 के मुकाबले नौ नवंबर को एक्यूआइ 378 दर्ज किया गया। इन शहरों में त्योहार के बाद हवा की गुणवत्ता में तेज गिरावट दर्ज की गई।
गैर-एनसीआर कैथल में एक दिन में 137 अंक बढ़ा एक्यूआई
कैथल में प्रदूषण का बढ़ना खास चिंता का विषय है। सात नवंबर को यहां एक्यूआइ 260 था, जो दीपावली की शाम आठ नवंबर को घटकर 210 रह गया। हालांकि, नौ नवंबर को यह उछलकर 347 पर पहुंच गया। एक दिन में 137 अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कैथल के आंकड़े बताते हैं कि प्रदूषण का संकट केवल एनसीआर के औद्योगिक शहरों तक सीमित नहीं है। गैर-धान बेल्ट के भिवानी में भी सात नवंबर को एक्यूआइ 290 था, जो आठ नवंबर को 307 और नौ नवंबर को बढ़कर 340 हो गया। लगातार तीन दिन बढ़ते सूचकांक से इस क्षेत्र में भी वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ी है।
गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचगांव में भी प्रदूषण बढ़ा
गुरुग्राम में सात नवंबर को एक्यूआइ 327 था, जो दीपावली की शाम घटकर 288 रह गया। नौ नवंबर को यह फिर बढ़कर 345 पर पहुंच गया। फरीदाबाद में सात नवंबर को 310 और आठ नवंबर को 292 एक्यूआइ दर्ज किया गया था, लेकिन अगले दिन यह बढ़कर 350 हो गया।
पंचगांव में भी सात नवंबर के 285 और आठ नवंबर के 270 के मुकाबले नौ नवंबर को एक्यूआइ 350 दर्ज किया गया। ये आंकड़े बताते हैं कि दीपावली के बाद प्रदूषण का स्तर इन शहरों में भी तेजी से बढ़ा।
अब खतरा बढ़ रहा
प्रदेश के 25 शहरों में से 22 में पीएम 2.5 मुख्य प्रदूषक कण रहा। ये महीन कण सांस के साथ फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं और स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं। दूसरी ओर, फतेहाबाद में 138, पंचकूला में 142, अंबाला में 184 और पलवल में 194 एक्यूआइ दर्ज किया गया।
इन शहरों में वायु गुणवत्ता प्रदेश के सर्वाधिक प्रदूषित शहरों की तुलना में बेहतर रही। कुल मिलाकर आंकड़े बताते हैं कि दीपावली के बाद प्रदूषण में बढ़ोतरी का असर एनसीआर के साथ गैर-एनसीआर और गैर-धान क्षेत्रों में भी दिखाई दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।