खुद के विधायक ही सरकार पर लगा रहे भ्रष्टाचार के आरोप : सैलजा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार में पिछले 5 वर्षों में जो भ्रष्टाचार पनपा था वह निरंतर बढ़ता जा रहा है।
हिसार, जेएनएन। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार में पिछले 5 वर्षों में जो भ्रष्टाचार पनपा था, वह निरंतर बढ़ता जा रहा है। अब भाजपा-जजपा की गठबंधन सरकार के विधायक ही लगातार इस सरकार की पोल पट्टी खोल रहे हैं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। इससे प्रदेश में फैले व्यापक भ्रष्टाचार का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
वह अर्बन स्टेट स्थित अपने निवास स्थान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं बैठक कर रही थीं। उन्होंने सरकार में शामिल एक विधायक द्वारा यह कहने पर कि कम से कम पेंशन में इतनी बढ़ोतरी तो की जाए कि वह मुंह दिखाने लायक तो रहें, पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार में शामिल दलों के द्वारा प्रदेश की जनता से किए गए झूठे वादों ने सरकार में शामिल विधायकों को ही मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा है। विधायकों को जनता के बीच जाने में डर लग रहा है और विधायक सरकार को झूठे वादों पर आइना दिखा रहे हैं। वहीं सरकार में शामिल विधायक ही सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
किसानों पर लाठीचार्ज की निंदा
कुमारी सैलजा ने इस दौरान पंचकूला में धान घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज करने और किसानों को हिरासत में लेने की कड़े शब्दों में ङ्क्षनदा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार धान घोटाले की निष्पक्ष जांच करवाने में कतरा रही है। उन्होंने कहा कि जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, उससे साफ पता चल रहा है कि प्रदेश में बड़ा धान घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से प्री-बजट चर्चा मात्र दिखावा है।