पहले किया दुष्कर्म, फिर शादी का संयोग नहीं बनने की बात कह खिला दी गर्भपात की दवा
शादी का झांसा देकर युवक ले गया था कलानौर फिर किया दुष्कर्म। गर्भवती होने पर जबरदस्ती खिलाई गर्भपात की गोलियां, केस दर्ज
जेएनएन, रोहतक : शहर की एक कॉलोनी की रहने वाली युवती के साथ शादी का झांसा देकर कलानौर में दुष्कर्म किया गया। गर्भ ठहरने के बाद आरोपित के परिवार की महिला पीडि़ता को गर्भपात की गोली खिला दी। पीडि़ता की शिकायत पर शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला भोला नाम का एक युवक उसे शादी का झांसा देकर कुछ समय पहले कलानौर में ले गया। वहां पर एक मकान में दुष्कर्म किया और फिर वापस रोहतक में लाकर छोड़ दिया। इसके कुछ दिन बाद भोला के परिवार के मोनू, सुभाष, गीता और शर्मिला उसे फिर से कलानौर में ले गए।
वहां पर दो दिन कमरे में रखा गया। झांसा दिया कि अभी शादी का संयोग नहीं बना है। संयोग बनते ही शादी करा दी जाएगी। इस बीच भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया। फिर से उसे रोहतक लाकर छोड़ दिया गया। युवती के गर्भवती होने का पता चलने के बाद महिला ने उसे गर्भपात के लिए गोली दे दी और कहा कि बाद में शादी करा देंगे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।