कर्मचारियों ने बस स्टैंड परिसर में किया प्रदर्शन, एक घंटे तक बसों का आवागमन रहा प्रभावित
संवाद सहयोगी, हांसी : शहर में लगातार पांचवीं बार हड़ताली कर्मचारियों ने बस स्टैंड परिसर
संवाद सहयोगी, हांसी : शहर में लगातार पांचवीं बार हड़ताली कर्मचारियों ने बस स्टैंड परिसर में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस कारण से निजी व रोडवेज की बसों का एक घंटे तक बस स्टैंड से आवागमन बाधित रहा। इस दौरान पुलिस भी कार्रवाई करने से बचती रही।
बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों ने भिवानी रोड पर स्थित बिजली घर से प्रदर्शन की शुरुआत की और नारेबाजी करते हुए बस स्टैंड परिसर में पहुंचे। यहां पहले से भारी पुलिस बस तैनात किया गया था। कर्मचारी नेता सुरेंद्र यादव व ऋषिकेश ढांडा, रामअवतार सुलचानी ने कहा कि सरकार ने तानाशाही रवैया कर्मचारियों के खिलाफ अपना रखा है जो कदाचित गलत है। रोडवेज कर्मचारी अन्य कर्मचारियों के समर्थन से अब तक कई बार बस स्टैंड परिसर में प्रदर्शन कर चुके हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन हड़ताली कर्मचारियों पर कार्रवाई करने से गुरेज कर रहा है। उधर विभिन्न रूटों पर 30 बसों का संचालन किया गया। मगर अभी भी लंबे रूटों पर बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है।
शहर व गांवों में बिगड़ी बिजली-पानी व सफाई की व्यवस्था
पिछले दो दिनों से सभी सरकारी विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। जिससे जल व बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। दो दिनों से सफाई ना होने से शहर में 40 मीट्रिक टन से अधिक कचरा जमा हो गया है। इसके अलावा जल आपूर्ति भी शहर में नहीं हो रही है व गांवों में बिजली के कट लग रहे हैं।