हिसार सिविल अस्पताल से भागा कैदी, खिड़की से टकराने पर शोर हुआ तो चला पता, मचा हड़कंप
जेल से पेट की समस्या होने के कारण इलाज के लिए लाई थी पुलिस। भीड़ ज्यादा होने का फायदा उठाकर भागा कैदी। पुलिस कर्मचारी और अस्पताल के स्टॉफ की मदद से पकड़ा
हिसार, जेएनएन। हिसार सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में पेट की समस्या के चलते इलाज के लिए जेल से लाया कैदी खिड़की कूद कर भाग गया। सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मचारी को खिड़की से कूदते हुए शोर होने पर भागने का पता चला। उसी समय अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों और पुलिस ने मिलकर उसको अस्पताल के आंबेडकर बस्ती की तरफ झाडिय़ों से पकड़ लिया। उसी वापस इमरजेंसी में लाया गया और दवाई दिलवाकर वापस जेल भेज दिया गया। स्थानीय पुलिस को सूचना मिली तो उसने छानबीन की लेकिन उनको कुछ नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार शाम करीब सात बजे जेल से एक कैदी को पेट में दर्द, उलटी आदि समस्याओं के चलते इमरजेंसी में भर्ती करवाया था। उस समय कैदी की हथकड़ी खोल दी गई। डाक्टरों की तरफ से उसको दवाई दी गई और शारीरिक दूरी होने के कारण वह दूर खड़े हो गए। लेकिन उसी दौरान इमरजेंसी में कई केस आए और भीड़ ज्यादा हो गई। अस्पताल स्टॉफ उनकी सेवा में लगा तो वह कैदी बैड से उठा और इमरजेंसी की खिड़की से ही साथ वाले पार्क में जाने लगा।
उसी दौरान वह खिड़की से टकराया तो तेज आवाज हुई। उसको जाता देख सभी पुलिस कर्मचारी और सुरक्षा कर्मचारी अलर्ट हो गई। वह उसी समय उस कैदी के पीछे लगे। टार्च की रोशनी से उन्होंने चारों तरफ से अस्पताल के क्षेत्र को घेर लिया। घुमते हुए कैदी उनको आंबेडकर बस्ती की तरफ झाडिय़ों में मिला। उसी समय उसको दोबारा से पकड़ कर इमरजेंसी में लाया गया और वापस जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने की जांच
सिटी थाना अंतर्गत पुलिस कर्मचारियों ने कैदी के भागने की सूचना मिलने के बाद जांच की। इमरजेंसी में स्टॉफ से बातचीत भी की गई लेकिन उनको पूरी जानकारी नहीं मिल पाई। वहीं कैदी व किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं होने पर उनकी तरफ से जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई। सिटी थाना प्रभारी विनोद ने बताया कि सूचना आई थी और जांच की गई लेकिन कोई शिकायत उनके पास नहीं आई है।