यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
President Ram Nath Kovind visit: गांव सूई सील, खेतों तक में पुलिस तैनात, राष्ट्रपति का हेलीकाप्टर हुआ लैंड
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के स्वागत के लिए सूई गांव तैयार हैं। राष्ट्रपति के चलते खेत से लेकर छत तक ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, बवानीखेड़ा: गांव सूई दुल्हन की तरह सज कर राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के स्वागत के लिए तैयार हैं। राष्ट्रपति के चलते खेत से लेकर छत तक पूरी तरह से सुरक्षा की गई है। राष्ट्रपति का हेलीकाप्टर सूई गांव में लैंड कर गया है। वे मंच से संबोधित करेंगे। आडिटोरियम के साथ लगते खेत में भी पुलिस तैनात है तो गांव सड़कों को साफ करने के साथ आडिटोरियम भी लाइटों से चम चमा गया है। आडिटोरियम में तीन लेयर में कुर्सियां लगा दी गई है। मंच पर राष्ट्रपति के अलावा करीब 10 लाेगों के बैठने की व्यवस्था है। वहीं आडिटोरियम, झील, खेल स्टेडियम सहित स्कूल के आस पास का क्षेत्र नो मूवमेंट जोन होगा। वहां पर कोई बिना इजाजत के नहीं आ सकेगा। सीएम और डिप्टी सीएम मंच पर पहुंच चुके हैं। कुर्सियां लगा दी गई हैं।
गांव सूई में होने वाले राष्ट्रपति के बुधवार को कार्यक्रम को लेकर रिहर्सल की गई थी। राष्ट्रपति जिन-जिन विकास परियोजनाओं का अवलोकन करेंगे वहां पर पुलिस का कड़ा पहरा है और किसी को भी आस-पास फटकने तक नहीं दिया जा रहा। भिवानी के उपायुक्त आरएस ढिल्लो व पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह ने भी गांव में डेरा डाल लिया है। हर विकास परियोजना पर जिला प्रशासन के अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए तैनात हैं। मंगलवार को सभी व्यवस्थाओं को फाइनल टच दे दिया गया है। आडिटोरियम में मुख्य कार्यक्रम होना है। आडिटोरियम की बाहर व अंदर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इसके साथ-साथ राष्ट्रपति जहां जनसभा को संबोधित करेंगे वहां पर भी मंच व पार्क में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
गांव को किया सील
गांव सूई को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। किसी को आडिटोरियम के साथ बलियाली रोड पर जाने की इजाजत नहीं होगी। ग्रामीणों की तरफ से दूसरे रास्तों का प्रयोग किया जा रहा है। वहीं गांव में चारों तरफ नाके लगाए गए है।
गांव सूई को राष्ट्रपति के भव्य स्वागत के लिए दुल्हन की तरह सजाया गया है। स्वागत द्वार के साथ-साथ पेड़ों के तनों को तिरंगे रंग से पेंट किया गया है। फुटपाथों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जगह-जगह राष्ट्रपति के स्वागत के लिए होर्डिंग भी लगा दिए गए हैं। हर विकास परियोजना को चकाचक बना दिया गया है। स्वच्छता के मामले में गांव की हर गली चमक रही है।
राष्ट्रपति के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री, राज्यपाल व उपमुख्यमंत्री भी आ रहे हैं। एक साथ अनेक वीवीआइपी गांव में पहुंचने पर उनकी सुरक्षा के मध्यनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सचेत है। तो ग्रामीण भी बड़े उत्साहित हैं कि इस छोटे से गांव में एक साथ अनेक वीवीआइपी पहुंच रहे हैं। हर ग्रामीण इस बारे में अपने आपको गौरवाविंत महसूस कर रहा है।
गांव सूई की धरा पर राष्ट्रपति के पग पड़ते ही ग्रामीण उनके स्वागत में पलके बिछाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रपति का आगमन सूई की धरा के लिए किसी पर्व से कम नहीं है। राष्ट्रपति के आगमन पर पूरा गांव हर्षित है। पूरे गांव में राष्ट्रपति के आगमन पर जश्र जैसा माहौल होगा।
