हरियाणा की बेटी एकता भ्याण को एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला सम्मान, राष्ट्रपति मुर्मु ने अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा
हिसार की पैरा एथलीट एकता भ्याण को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने हांगझोऊ एशियाई पैरा ...और पढ़ें

राष्ट्रपति ने हिसार की पैरा एथलीट एकता भ्याण को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा।
HighLights
एकता भ्याण को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अर्जुन पुरस्कार दिया
हांगझोऊ एशियाई पैरा गेम्स और विश्व चैंपियनशिप में पदक जीते
हरियाणा की पहली पैरा खिलाड़ी जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड मिला
जागरण संवाददाता, हिसार। हिसार की पैरा एथलीट एकता भ्याण को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पैरा एथलेटिक्स के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला।
एकता ने हांगझोऊ एशियाई पैरा गेम्स के साथ पेरिस और कोबे में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से हिसार के खेल जगत में खुशी का माहौल है। सेक्टर 1-4 निवासी एकता हिसार के रोजगार विभाग में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।
अर्जुन अवॉर्ड के लिए चयनित होने की जानकारी मिलने के बाद से ही उनके परिवार और खेल जगत में खुशी थी। अब राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलने के बाद उनकी करीब एक दशक की खेल मेहनत को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है।
एकता हरियाणा की पहली पैरा खिलाड़ी हैं, जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। अवॉर्ड मिलने पर उन्होंने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है, पिछले 10 वर्षो की मेहनत का परिणाम मिला है। वह लंबे समय से इस अवॉर्ड के मिलने का इंतजार कर रही थी।
सड़क हादसे के बाद नहीं हारी हिम्मत
एकता वर्ष 2003 में दिल्ली जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गई थीं। इसके बाद से वह व्हीलचेयर पर हैं। परिवार के हौसला देने पर उन्होंने परिस्थितियों का डटकर सामना किया। वर्ष 2013 में रोजगार विभाग में नौकरी लगी और वर्ष 2016 में उन्होंने खेलों की ओर रुख किया।
इसके बाद लगातार मेहनत कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2019 में दुबई में आयोजित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेते हुए उन्होंने 2021 टोक्यो पैरालंपिक के लिए क्वालिफाई किया था।
वर्ष 2020 में उन्हें स्पोर्ट्स स्टार एसेस अवॉर्ड्स में पैरा स्पोर्ट्सवुमन आफ द ईयर चुना गया। इससे पहले 2018 में वह ईएसपीएन डिफरेंटली एबल्ड एथलीट आफ द ईयर भी चुनी गई थीं।
स्कूल स्तर से सुविधाएं मिलने पर बढ़ेंगी प्रतिभाएं
एकता का मानना है कि स्कूल स्तर से ही दिव्यांग खिलाड़ियों को मूलभूत सुविधाएं और उचित मार्गदर्शन मिले तो कई प्रतिभाएं आगे आ सकती हैं। खेलो इंडिया और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम जैसी योजनाओं में पैरा खिलाड़ियों को भी अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पैरा खेलों को लेकर जागरूकता बढ़ रही है।
खिलाड़ियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। एकता का अगला लक्ष्य वर्ष 2027 में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप और पैरा गेम्स में बेहतर प्रदर्शन करना है। उनके पिता बलजीत सिंह भ्याण बागवानी विभाग से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता रेणू भ्याण गृहिणी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।