गर्भावस्था में परिधानों को लेकर गर्मी में सावधानीं बरते महिलाएं, इन बातों का रखें ख्याल
गर्भावस्था के दौरान महिलाएं बनाएं जींस और इलास्टिक के परिधानों से दूरी। रेजा सूती लिनेन के फैब्रिक का करें इस्तेमाल। गर्मी के मौसम में हल्के रंगों के परिधानों को दी प्राथमिकताएं
रोहतक, जेएनएन। भीषण गर्मी से लोग बेहाल हो रहे हैं। ऐसे में गर्भवती महिलाओं को अपनी देखरेख में हर छोटी बात का ध्यान रखना चाहिए। पहले के समय में गर्भावस्था के दौरान महिलाएं ज्यादातर घर पर ही रहतीं थीं, लेकिन आजकल के समय में महिलाएं गर्भावस्था के दौरान भी नौकरी-पेशे पर जाती हैं। 44 डिग्री के तापमान में गर्भवती महिलाओं को कपड़े से लेकर उनके खान-पान में सावधानी बरतनी जरूरी है।
डा. अंकिता ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान महिलाएं बढ़ते वजन और हार्मोन्स के उतार-चढ़ाव की कारण अक्सर असहज महसूस करती हैं। इसलिए इस अवस्था के दौरान कपड़े खरीदते समय फैब्रिक, कट्स, स्टाइल और रंग जैसी बातों पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। गर्मी के मौसम में सनबर्न, घमोरी, घबराहट आदि की समस्या हो जाती है। जिसका प्रभाव बच्चे पर भी पड़ता है।
मौसम के हिसाब से चुनें फेब्रिक
गर्भावस्था के दौरान कपड़ों के लिए फैब्रिक का खासतौर से ध्यान रखना चाहिए। खासकर गर्मी के मौसम में। फैब्रिक हमेशा ऐसा लें, जो शरीर के लिए आरामदायक हो और जिससे त्वचा खुलकर सांस ले पाए। अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर ललित शर्मा ने बताया कि गर्मी के मौसम में रेजा, कॉटन या लिनेन से बनी प्रेग्नेंसी ड्रेस सबसे अच्छी रहती हैं। क्योंकि जब आप बाहर निकलती हैं, तो इनका फैब्रिक तापमान को न्यूनतम बनाए रखता है। इसके साथ ही आप जो फैब्रिक पहन रही हैं। वह थोड़ा स्ट्रेचेबल भी होना चाहिए। उन्होंने बताया कि आकर्षक दिखने के चक्कर में खासतौर से गर्भावस्था के दौरान कुछ ऐसा नहीं पहनें। जिसे पहनकर आप असहज महसूस करें। इसके साथ ही गर्भावस्था के दौरान साड़ी, जींस और टाइट परिधानों को पहनने दूरी बनाएं।
इलास्टिक वेस्ट बैंड है आरामदायक
अब बाजार में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष रूप से बनाए गए कुछ ऐसे लोअर, निक्कर, ट्राउजर आ गए हैं। जिनमें कमर पर बहुत चौड़ा इलास्टिक लगा होता है। ऐसे लोअर पहनने में बेहद आरामदायक होते हैं और पेट पर भी अनावश्यक दबाव नहीं पड़ता है। इसके साथ ही गर्भावस्था के दौरान गर्मी में आप लेयङ्क्षरग की मदद से आप अपने आपको ज्यादा स्टाइलिश दिखा सकती हैं। इसके अलावा वन पीस ड्रेस के साथ एक हल्का श्रग, केप या स्मार्ट फिट जैकेट का प्रयोग कर सकती हैं। साथ ही मैक्सी ड्रेस, फुल लेंथ कुर्ती, प्लाजो आदि का इस्तेमाल कर सकती हैं।
हल्के रंगों के परिधानों का करें प्रयोग
गर्मी के मौसम हल्के रंगों में सफेद, हल्का गुलाबी, ओरेंज, पेस्टल कलर, लाइट ग्रीन, लेमन आदि का प्रयोग करना चाहिए। इसके साथ ढीले कपड़े पहनने से आपके शरीर को आराम मिलेगा। वहीं दूसरी ओर फुटवियर की बात की जाए तो कामकाजी महिलाओं को हाई हिल्स पहनने से बचना चाहिए। इसके साथ ही सैंडल्स, फ्लिप-फ्लॉप्स ऐसे डिजाइन के ले जो आगे की ओर से थोड़े से खुले हुुए हो। इससे आपके पैर ठंडे रहेंगे और हवा भी लगेगी। साथ ही पैरों पर सूजन नहीं आएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप