ये लालच देने पर युवती के चेहरे पर अंबाला में फेंका था तेजाब, दो आरोपितों को किया गिरफ्तार
एक को हांसी तो दूसरे को गुरुग्राम से किया गिरफ्तार, चार दिन के रिमांड पर, 19 साल के हैं दोनों आरोपित, स्टील के जग में लाए थे तेजाब, मुख्य आरोपित की तलाश जारी
जेएनएन, अंबाला, हिसार : लेबर विभाग में कार्यरत क्लर्क कविता अनेजा के ऊपर तेजाब फेंकने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें से हांसी के रूपनगर निवासी नीतिन को गुरुग्राम और इसी गांव के अरुण को हांसी से पकड़ा। अरुण को इस काम के लिए थ्री-व्हीलर और नीतिन को बाइक दिलाने का लालच दिया गया था। मुख्य आरोपित मोती को अभी भी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के रिमांड पर सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपित मोती, नीतिन और अरुण 30 सितंबर को रेकी करने आए थे। मोती चला गया था जबकि नीतिन और अरुण दोनों एक धर्मशाला में ठहरे थे। इसके बाद नीतिन और अरुण ने 1 अक्टूबर को तेजाब डालने की योजना बनाई थी, लेकिन उस दिन कविता कार्यालय में नहीं गई। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती का अवकाश था। इसीलिए मोती ने दोनों का वापस बुला लिया था।
4 अक्टूबर को मोती और अरुण सुबह 11 बजे हांसी से बाइक पर चले और अंबाला में स्टील के जग में तेजाब लाकर कविता के ऊपर फेंका था। मोती बाइक चला रहा था जबकि अरुण ने तेजाब डाला था। तेजाब के छींटे अरुण की बाजू पर भी गिरे थे, जिसके निशान अभी तक मौजूद हैं।
क्या था पूरा मामला
हिसार के मेला ग्राउंड एरिया की रहने वाली कविता की शादी दो साल पहले पंजाब के तरनतारन के गौरव अनेजा से हुई थी। मोती युवती कविता की बुआ की ननद का बेटा है। वह कविता को पसंद करता था। कविता की शादी के एक साल बाद वह उसे तंग करने लगा। साढ़े तीन साल पहले मोती की शादी हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं।
यूं सुलझी गुत्थी
बृहस्पतिवार को ड्यूटी से लौटते वक्त शाम साढ़े पांच बजे सेक्टर सात स्थित निवास के करीब कविता पर तेजाब से हमला हुआ था। इसके 22 घंटे के बाद उसके पति गौरव ने बताया कि एक साल पहले कविता के एक रिश्तेदार ने तेजाब डालने की धमकी दी थी। कविता ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने इसे स्वीकार भी किया, लेकिन वह पक्के तौर पर नहीं कह सकी कि उसी ने तेजाब डाला है। कारण यह कि हमलावरों में एक ने हेलमेट पहनी थी जबकि दूसरे ने रूमाल ओढ़ा था। इसी लाइन पर आगे बढ़ते हुए पुलिस ने पहले मोती का पता निकाला। एक टीम हिसार भेजी गई। वहां उसके घर पर वारदात में प्रयुक्त बाइक खड़ी मिली। उस पर तेजाब के छींटे भी पड़े हुए थे। आरोपित मोती भी दो दिनों से फरार बताया गया।
दाईं आंख से कम देख पा रही महिला
चंडीगढ़ स्थित अस्पताल में भर्ती महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। तेजाब के छींटे उसकी आंख पर भी लग चुके हैं। वह दाईं आंख से बेहद कम देख पा रही हैं। इसी आंख पर सूजन भी आई हुई है। उसके गले की मांसपेशियों ने सिकुड़ना शुरू हो गया है।