पार्क में मधुमक्खियों ने बोला हमला, भाग ने सकने से दिव्यांग की मौत, 11 जख्मी
बच्चे अचानक पेड़ पर लगा छत्ता नीचे आ गिरा उसके बाद मधुमक्खियों ने वहां मौजूद लोगों को बनाया निशाना
रोहतक, जेएनएन। शहर की डीएलएफ कॉलोनी स्थित पार्क में मधुमक्ख्यिों के एक झुंड ने वहां मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया। इनके काटने से एक 64 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 11 अन्य जख्मी हो गए। अचानक हुए इस हमले से पार्क में भगदड़ मच गई। लोगों ने इधर-उधर छिप कर जान बचाई। सभी घायलों को पीजीआइ में भर्ती कराया गया। उधर, घटना का पता चलते ही सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर भी तुरंत पीजीआइ पहुंचे और पीडि़तों का हाल जाना।
दरअसल डीएलएफ कालोनी के पार्क में एक पेड़ पर मधुमक्खी का छत्ता लगा हुआ था। अचानक छत्ता टूट गया और नीचे आ गिरा। इसके बाद मधुमक्खियों ने पार्क में बैठे लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए सभी लोग इधर-उधर भागने लगे। मधुमक्खियां पार्क के आसपास घरों में भी घुस गईं, जिससे घर के अंदर से भी लोग बचने के लिए कमरे में या फिर बाहर निकलकर भाग निकले।
इस दौरान पार्क में बैठे दिव्यांग 64 वर्षीय नरेंद्र ईशपुनियानी ने भी वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन वह भाग नहीं पाए और मधुमक्खियों ने बुजुर्ग को बुरी तरह से काट लिया। हालात यह हो गए कि बुजुर्ग वहीं पर गिर पड़े। करीब आधा घंटे तक वहां पर भगदड़ की स्थिति बनी रही। मधुमक्खियों को भगाने के लिए धुआं किया गया। इसके बाद वहां स्थिति नियंत्रण में आई। नरेंद्र को उनके परिजन पीजीआइ ले गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नरेंद्र की मौत का कारण मधुमक्खियों का हमला बताया जा रहा है। वहीं, मधुमक्खियों के इस हमले में 75 वर्षीय हंसराज गिरकर घायल भी हो गए। उनका उपचार पीजीआइ में चल रहा है। उनकी पसली में चोट आई है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार उपरांत छुट्टी दे दी गई।