प्रत्येक दाह संस्कार पर निगम श्मशानभूमि समिति को देगा 500 रुपये, यूएलबी का निर्णय
हिसार श्मशानभूमि की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए शहरी स्थानीय निकाय ह
जागरण संवाददाता, हिसार : श्मशानभूमि की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा (यूएलबी) ने बड़ा निर्णय लिया है। शहर के श्मशानघाट की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए आगामी समय में प्रत्येक दाह संस्कार पर श्मशानभूमि समितियों को नगर निगम की ओर से 500-500 रुपये दिए जाएंगे। इस राशि से श्मशानभूमि में समितियां कई सुविधाएं जुटा पाएंगी। यह निर्णय यूएलबी मुख्यालय में निगम अफसरों की हुई बैठक में लिया गया है। उधर समिति के प्रधान महाबीर सिंह ने यूएलबी के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि समितियों की ओर से लंबे समय से आर्थिक मदद की मांग थी। जिसे पूरा कर उन्हें बड़ी राहत दी गई है। श्मशान घाटों की थी बदतर स्थिति
शहर में करीब 9 श्मशानघाट हैं। श्मशान भूमि सुधार समिति के प्रधान की माने तो एक श्मशान घाट में औसतन 5 अंतिम संस्कार होते हैं। समितियां जनता की ओर से दिए जाने वाले दान के सहयोग से इन श्मशान घाट का रखरखाव कर रही है। दान राशि की कमी के चलते श्मशान घाट में रखरखाव की उचित व्यवस्था से लेकर नई सुविधाएं जुटाने तक में समिति को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ती थी। इसके अलावा कई लावारिस लाश के दाह संस्कार पर तो खर्च और बढ़ने के कारण समिति को समस्या आने लगी थी। इसलिये सरकार से बार बार श्मशानघाट की स्थिति सुधारने की मांग की जा रही थी।
प्रदेश के श्मशानघाटों की स्थिति सुधारने की सीएम ने हिसार में सुनाई थी कहानी
2 अप्रैल 2018 को प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहर लाल पंजाबी धर्मशाला के शिलान्यास पर हिसार के सेक्टर-14 में आए थे। जहां उन्होंने प्रदेश की स्थिति सुधारने पर कहानी सुनाई थी कि कई दिन पहले एक व्यक्ति उनके पास श्मशानघाट की स्थिति सुधारने की मांग लेकर आया था। उनकी मांग पर जब उन्होंने मंथन कर जानकारी ली तो पता चला कि प्रदेश के बहुत से श्मशानघाट की स्थिति सुधारने की जरुरत है। तभी मैंने अधिकारियों को सुधार कार्य के आदेश दिये थे। जिसके बाद करोड़ों रुपये प्रदेश में श्मशानघाट में चारदीवारी, शैड व अन्य सुविधाओं को लेकर खर्च किये जा चुके है।
शहर में हरियाली बढ़ाने की निगम अफसरों को सौंपी जिम्मेदारी
प्रदेश में अब यूएलबी बॉडी को शहर के अंदरुनी हिस्से में हरियाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में निगम, परिषद और पालिकाओं के आला अफसरों को आदेश दिये गए है कि वे शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए कार्य करे। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के दिशा निर्देश को ध्यान में रखते हुए अब निगम अफसर शहर में पौधे लगवाएंगे। यह कार्य स्वच्छ भारत मिशन के तहत किया जाएगा। इसमें पार्कों की स्थिति में सुधार करना अनिवार्य है। अफसरों ने 70 बिदुओं पर ली रिपोर्ट, आगामी समय में होंगे कई बड़े निर्णय
बैठक में डायरेक्टर ने गृहकर, अमृत योजना, पीएमएवाई से संबंधित रिपोर्ट भी निगम अफसरों से ली है। अफसरों की माने तो फिलहाल अभी इन परियोजनाओं को लेकर उन्हें कोई विशेष आदेश जारी नहीं किए है। इन रिपोर्टों के अलावा जनस्वास्थ्य विभाग की पेजयल, सीवरेज व ड्रेनेज सेवाओं की मरम्मत व रखरखाव के लिए बजट संबंधित रिपोर्ट भी डायरेक्टर को सौंपी है। बैठक में मांगी गई सभी जानकारी डायरेक्टर को सौंप दी गई है। महानिदेशक, यूएलबी की ओर से जो रिपोर्ट मांगी गई थी उसे लेकर निगम अफसर मुख्यालय की बैठक में गए है। हमारी ओर से उनके आदेशानुसार रिपोर्ट भेजी गई है।
- अशोक गर्ग, कमिश्नर, नगर निगम हिसार।