हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, आज से उत्तरी हवाएं बढ़ाएंगी ठिठुरन
कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम का मिजाज बदला है। अब सोमवार ...और पढ़ें
-1794763701063_m.webp)
बूंदाबांदी से बदला मौसम, आज से उत्तरी हवाएं बढ़ाएंगी ठिठुरन।
HighLights
कमजोर पश्चिमी विक्षोभ से हरियाणा में हल्की बूंदाबांदी हुई।
सोमवार से उत्तरी हवाएं ठंड बढ़ाएंगी, तापमान में गिरावट होगी।
पहाड़ों की बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, हिसार। हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार व रविवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। अब सोमवार से उत्तरी हवाएं चलने के कारण ठंड बढ़ने के आसार हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी के बाद वहां से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों के तापमान को नीचे लाएंगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि शनिवार को हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद सहित प्रदेश के उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। रविवार को मौसम प्रणाली का असर भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और मेवात तक पहुंचा। इन क्षेत्रों में बिखराव वाली हल्की वर्षा दर्ज की गई।
आज से बदलेगी हवाओं की दिशा
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ रविवार रात तक हरियाणा व दिल्ली-एनसीआर से आगे निकल जाएगा। इसके बाद सोमवार से हवाओं की दिशा बदलकर उत्तरी हो जाएगी। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ेगा।
वर्षा के बाद सुबह छा सकती है धुंध
आने वाले दिनों में प्रदेश और एनसीआर में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है। जिन क्षेत्रों में वर्षा हुई है, वहां हवा की गति कम रहने पर सुबह के समय हल्की धुंध और कहीं-कहीं कोहरा छा सकता है।
हिसार में 29.4 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
रविवार को हिसार में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम 16.5 डिग्री रहा। करनाल में 28.7 और 14.2 डिग्री, नारनौल में 27 और 16.5 डिग्री तथा रोहतक में 27.3 और 18.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भिवानी में अधिकतम तापमान 28.8 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।