सीबीआई पार्टी ने प्रदेश का कर दिया बुरा हाल, अब आप ही बेहतर विकल्प: जयहिंद
आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने पत्रकार वार्ता में रखे विचार
जागरण संवाददाता, हिसार
दिल्ली के मॉडल को हरियाणा प्रदेश में लागू करके प्रदेश की दशा-दिशा सुधारी जाएगी व स्वच्छ राजनीति की शुरूआत की जाएगी। ये बात आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने हासी में पत्रकार वार्ता में कही।
वह आगामी 25 मार्च को हिसार के पुराना गवर्नमेंट कालेज मैदान में होने वाली प्रदेश स्तरीय हरियाणा बचाओ रैली की तैयारियों हेतु कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इस प्रदेश को सीबीआई से बचाना है। सीबीआई मतलब, सी- काग्रेस, बी-बीजेपी व आई से इनेलो। इन पार्टियों ने प्रदेश के हर मामले में बुरा हाल कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है व भाजपा के मंत्री खूब मलाई खा रहे है।
जयहिंद ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी की सरकार से जनता पूर्ण रूप से संतुष्ट है व सस्ती बिजली, पानी के अलावा अधिकतम मजदूरी व पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं का मॉडल पूरे देश में चर्चित है। आम आदमी पार्टी की हरियाणा प्रदेश में सरकार आने पर इस मॉडल को प्रदेश में लागू कर लोगों को मुफ्त में मेडिकल सुविधाएं प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल देश के हित के लिए हमेशा काम करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे। इसीलिए उन्होंने एक मामले में माफी मांगना भी मुनासिब समझा। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के पोस्टर हिसार से नगर निगम द्वारा हटाने का काम बेहद शर्मनाक है। बाकी पार्टियों के पोस्टर और बैनर अभी भी सड़कों के चारों ओर लगे हुए हैं निगम ने उन्हें क्यों नहीं हटाया। इन सभी मुददों पर गहनता से आवाज उठाई जाएगी।