हिसार में हाईटेंशन टावर लगाने का विरोध, किसान बोले-पहले बाजार दर से मिले मुआवजा
नारनौंद में किसानों ने खेतों में हाईटेंशन बिजली के टावर लगाने के विरोध में एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।
-1795805361270_m.webp)
नारनौंद में हाईटेंशन टावर के विरोध में किसानों का प्रदर्शन।
HighLights
किसानों ने हाईटेंशन टावर लगाने के विरोध में प्रदर्शन किया
जमीन और फसल का उचित बाजार दर पर मुआवजा मांगा।
मांगें न मानने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी
संवाद सहयोगी, नारनौंद। खेतों में हाईटेंशन बिजली के टावर लगाने के विरोध में शुक्रवार को किसानों ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। पेटवाड़, खांडा खेड़ी, भकलाना, थुराना और बास के किसानों ने एसडीएम विकास यादव को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि जमीन और फसल का उचित मुआवजा दिए बिना टावर लगाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने पहले मुआवजा तय कर भुगतान करने की मांग उठाई।
पेटवाड़ में बन रहे पावर हाउस से विभिन्न गांवों की ओर पांच हाईटेंशन लाइनें निकाली जा रही हैं। इसके लिए खेतों में टावर लगाए जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि पहले भी विरोध कर काम रुकवाया था, लेकिन दोबारा शुरू किया जा रहा है। अलग-अलग किसानों को मुआवजे की अलग दरें बताने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
डेढ़ करोड़ प्रति एकड़ के आधार पर मांगा मुआवजा
किसान कुलवंत सिंह, विजय, अनूप, दिनेश, पवन, बलजीत, दीपक, प्रदीप और साहिल ने कहा कि जमीन का बाजार भाव करीब डेढ़ करोड़ रुपये प्रति एकड़ है, जबकि सरकारी स्तर पर कीमत 60 लाख रुपये आंकी जा रही है।
उन्होंने सरकारी अधिसूचना के अनुसार बाजार दर तय कर टावर लगाने से पहले भुगतान की मांग की। किसानों ने पुराने टावरों का मुआवजा बकाया होने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि मांगें नहीं मानी गईं तो टावर लगाने का काम रोकेंगे और बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।
किसानों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखी हैं। उनकी बात गंभीरता से सुनी गई है और ज्ञापन लिया गया है। जायज मांगें समाधान के लिए उच्च अधिकारियों तक भेजी जाएंगी। -विकास यादव, एसडीएम, नारनौंद।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।