फतेहाबाद में घर में सो रहे बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, भाग निकले नकाबपोश
पति के पास में ही सो रही पत्नी ने शोर मचाया तो आरोपित भागे। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर तीन अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया केस।
रतिया (फतेहाबाद) जेएनएन। लॉकडाउन में भी कुछ जगहों पर अपराध कम नहीं हो रहा है। फतेहाबाद के रतिया खंड के गांव सरदारेवाला में सोमवार देर रात को अज्ञात लोगों ने 74 वर्षीय बुजुर्ग जयराम की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। पास ही सो रही पत्नी ने शोर मचाया तो आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस मृतक की पत्नी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही है।
सरदारेवाला के 74 वर्षीय जयराम अपनी पत्नी व छोटे बेटे के साथ रहता था। रात को घर के बाहर बने कमरे में वह अपनी पत्नी हजारी देवी के पास सोया हुआ था। देर रात तीन अज्ञात युवक आए। उन्होंने जयराम के गले पर तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। यह देख उसकी पत्नी ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर अंदर सो रहा बेटा भी आया और उसने पुलिस को सूचना दी। वही एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। लेकिन जब तक एंबुलेंस पहुंच पाती तब तक बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी हजारी देवी द्वारा पुलिस को दी जानकारी के अनुसार देर रात करीब साढ़े 12 बजे आए तीनों युवकों ने मुंह पर कपड़ा डाल रखा था।
सूचना के बाद घटना स्थल पर डीएसपी सुभाष चंद्र भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां पर मिले साक्ष्य के आधार पर पूछताछ की। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जयराम पंजाब के मानसा जिले के शेरखां गांव में मीट का कारोबार करता था। कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन की स्थिति के कारण वह पंजाब से अपने गांव आ गया था।
===पुलिस हत्या के विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही है। मृतक का मोबाइल फोन भी जांच के दायरे है। यह जानकारी जुटाई जा रही है कि मृतक को किसने कब-कब फोन किया था। सभी कडिय़ों को जोड़कर ही हत्या के मूल कारण तक पहुंचा जा सकेगा।
कपिल कुमार जांच अधिकारी।