एक ही रात में फायरिंग, लूट और चाकू की पांच वारदात से दहला जिला, दो की हत्या
मामूली विवादों में हुई पांच घटनाएं, दो की गई जान तो वहीं अन्य तीन गंभीर रूप से घायल, पुलिस सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल
जेएनएन, हिसार। एक ही रात में गुरुवार को हिसार जिले में हुई पांच बड़ी आपराधिक वारदात से लोग सिहर उठे। फायरिंग, लूट और चाकू चलने की वारदात में दो लोगों की जान चली गई तो वहीं अन्य तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। पहली वारदात रेलवे स्टेशन हिसार के पास हुई।
जिसमें बठिंडा में रेलवे की परीक्षा देकर लौट रहे उमरा निवासी दीपक पर जाट कॉलेज के पास बाइक सवार चार युवकों ने गोली बरसा दी। हमलावरों ने रेलवे स्टेशन पर हुए विवाद के बाद दो युवकों पर हमला किया था। इसमें कंवारी गांव के अजय की पेट में गोली लगने से मौत हो गई तो वहीं साथी उमरा निवासी दीपक को कूल्हे में गोली लग गई। दीपक का ऑपरेशन होने के बाद ही सही से इलाज हाे सकेगा। हमलवारों ने करीब चार फायर किये, मगर उसमें दो निशाने पर नहीं लगी।
दीपक को लेने आये उसके चाचा के लड़के नितेश ने उठाकर निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची गई। वहीं शुक्रवार की सुबह अजय के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और परिजन शोक में डूब गए।
पार्किंग के पास हुआ था विवाद
नितेश ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास युवकों से अजय का विवाद हो गया था, इसके बाद वो पीछा करते हुए आए और फिर से अजय के साथ कहासुनी करने लगे। बीच में दीपक बोला तो उसे दूर रहने के लिए कहा। इसके बाद गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोली अजय के पेट में लगी और दीपक को कूल्हें में लग गई।
घर का इकलौता चिराग था अजय
नितेश ने बताया कि अजय 21 साल का था और वह हिसार के राजकीय कॉलेज में पढ़ता था, अजय के पिता की कुछ समय पहले ही मौत हो चुकी है, अब वह अपनी तीन बहनों और मां के साथ रहता था और सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था।
दूसरी वारदात - पिस्तौल की बट मारकर 40 हजार लूटे
बरवाला जींद रोड पर गांव मिर्चपुर के नज़दीक सुरजा राम पेट्रोल पंप पर रात दस बजे बाइक सवार चार युवकों ने की लूट की वारदात को अंजाम दिया। पेट्रोल पंप कारिंदों को डंडो से पीटा और फायरिंग कर कैश काउंटर से 40 हज़ार रुपये लेकर फरार हो गए। इसमें पेट्रोल पंप के दो कारिंदे राजेश ओर महिपाल घायल हो गए । दोनों को निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। वहीं वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
तीसरी वारदात - चमारखेड़ा में चाकू मारकर युवक की हत्या
गांव चमारखेड़ा में 4 लोगों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार गांव चमारखेड़ा वासी सुनील कुमार अपने एक अन्य साथी के साथ मकान के बाहर गली में बैठा हुआ था। तभी वहां पर गांव के ही चार युवक आए जिनके साथ सुनील की पहले कहासुनी हुई थी, हमलावरों ने सुनील को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर हालत में सुनील कुमार को बरवाला अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों ने बरवाला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही उकलाना थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह नैन व डीएसपी जयपाल सिंह गांव में पहुंचे और हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी की। पुलिस हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास में जुटी हुई है।
चौथी वारदात- झगड़े में युवक को किया अधमरा
12 क्वार्टर में देर रात को हुए एक झगड़े में महम के 31 वर्षीय जोगेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। वह एक ऑटो सवार को गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा मिला था। जोगेंद्र बोहेश था और उसके सिर से खून बह रहा था। डॉक्टरों ने उसके सिर की हड्डी टूटी होने के बात कह गंभीर केस देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार युवक के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया था।
पांचवी वारदात - कारिंदे को चाकू घोंपा
गुरुवार की रात दुपट्टा स्टोर के मालिक से लेन देन काे लेकर एक अन्य जनरल स्टोर पर काम करने वाले युवक को चाकू घोंप दिया। घटना के बाद घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल ढंढूर निवासी संजय ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसका सिर्फ 320 रुपये का लेन देन था। इस विवाद को लेकर एक दुकानदार और कारिंदे ने चाकू घोंप दिया।