फतेहाबाद में बुजुर्ग की पीट-पीट कर हत्या, चार आरोपिताें के खिलाफ मामला दर्ज
बेटे विनोद कुमार ने बताया कि उनका परिवार रेलवे स्टेशन के समीप शनि मंदिर के पास रहता है। उसके पिता मंगतराम ने फकीरी का चोला धारण कर रखा था। पिता को पीट कर मार डाला।
भट्टूकलां, जेएनएन। रेलवे स्टेशन के समीप रहने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति की कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक का अग्रोहा मेडिकल कालेज से पोस्टमार्टम करवाकर शव स्वजनों को सौंप दिया। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ घर में घुसकर हत्या करने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में भट्टू निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उनका परिवार रेलवे स्टेशन के समीप शनि मंदिर के पास रहता है। उसके पिता मंगतराम ने फकीरी का चोला धारण कर रखा था। उसकी माता व दो बहनें किसी कार्य के लिए घर से बाहर गई थीं। घर में उसके अलावा पिता व छोटी बहन घर पर थे। इसी दौरान भट्टू निवासी हेमंत व उसका भाई योगेश, हेमंत, छोटू, हेमंत का दोस्त भिवानी निवासी मनोज उसके घर पर आकर झगड़ा करने लगे।
इन हमलावरों ने उसके पिता करीब 60 वर्षीय मंगतराम को पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट का शोर सुनकर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तुरंत भट्टू के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर ले जाया गया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान घायल मंगतराम ने देर रात्रि दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में घर में भट्टू निवासी हेमंत, योगेश, छोटू व भिवानी निवासी मनोज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
------पुलिस ने बुजुर्ग की हत्या के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना की जांच की जा रही है।
-विरेन्द्र सिंह, थाना प्रभारी
पत्नी से छेड़छाड़ करने से रोका तो पति पर कर दिया हमला
फतेहाबाद :शहर के सुंदर नगर के रहने वाले एक व्यक्ति ने जब एक युवक को अपनी पत्नी के साथ छेड़छाड़ करने से रोका तो उसने अपने साथियों को बुलाकर उसकी पिटाई करवा दी। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल के बयान पर अब पुलिस ने एक नामजद सहित चार पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में सुंदर नगर निवासी व्यक्ति ने बताया कि अशोक नगर निवासी अशोक कुमार ने उसकी पत्नीे के साथ छेड़छाड़ की थी। उसकी शिकायत भी मैंने पुलिस को दी थी। इसी से वह रंजिश रखने लग गया। व्यक्ति ने बताया कि दो दिन पहले वह अपने बाइक पर सवार होकर पुराना बस स्टैंड आया था। उसके साथ उसकी पत्नी व बच्चे भी थे। आरोप है कि पुराने बस स्टैंड के पास अशोक अपने साथियों के साथ खड़ा था। बाइक रुकवाकर उसके साथ मारपीट की और जाने से मारने की धमकी दी। महिला ने जब शोर मचाया तो आसपास के लोग आ गए। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल के बयान पर पुलिस ने अशोक व उसके तीन साथियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी चमनलाल ने बताया कि घायल के बयान दर्ज कर लिए है। उसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।