चौ. रणजीत सिंह बोले- एक महीने में उनको मिले विभागों में तहलका मच जाएगा
विद्युत अक्षय ऊर्जा एवं जेल मंत्री चौ. रणजीत ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में बिकने वाले चिट्टे के नशे पर रोक लगाने की होगी। सिरसा जिला में नशा नहीं बिकने देंगे चाहे कुछ हो
सिरसा, जेएनएन। विद्युत, अक्षय ऊर्जा एवं जेल मंत्री चौ. रणजीत सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में बिकने वाले चिट्टे के नशे पर रोक लगाने की होगी। सिरसा जिला में नशा नहीं बिकने देंगे चाहे कुछ भी करना पड़े। चाहे सीएम से टेकअप करना पड़े, चाहे विज साहब से बात करनी पड़े और चाहे स्थानीय जिला अधिकारियों का सहयोग लेना पड़े। चिट्टे का नशा जीवन बर्बाद कर रहा है, नई जनरेशन खत्म हो रही है।
एक महीने में विभागों में तहलका मचा हुआ होगा
चौ. रणजीत सिंह ने कहा कि ट्यूबवेलों के लिए पहले आठ घंटे बिजली आपूर्ति की जाती थी अब इसे दो घंटा बढ़ाकर दस घंटे कर दिया है। कार्यभार संभालते ही दो घंटे बिजली आपूर्ति बढ़ा दी है। वे निगम के वरिष्ठ अधिकारियों एसइ पॉवर, चीफ इंजीनियर की बैठक लेंगे और इसके बाद जो भी प्राथमिकता के आधार पर आदेश होंगे, उन्हें तुरंत जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि एक महीने में मेरे विभाग में तहलका मचा होगा। लोग कहेंगे कि कोई मंत्री है जो काम कर रहा है। सुस्ती में नहीं रहने वाला हूं। ना सोऊंगा और ना ही सोने दूंगा।
भ्रष्टाचार नहीं होगा बर्दाश्त
चौ. रणजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश हैं जो आदमी गलत काम करता है, उसे सजा मिलनी चाहिए। भ्रष्टाचार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगा और जो गलत करेगा, उसे सजा मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा जनसमस्याएं सुनी।
एक्शन में नजर आने लगे निगम अधिकारी
विद्युत मंत्री के सिरसा आते ही अधिकारियों की बैठक में दिखाए गए तीखे तेवरों के बाद विद्युत निगम के अधिकारी हरकत में आ गए है। सोमवार को शहर में सात जगहों पर ढीलों तारों को दुरुस्त करवाया गया। अधीक्षण अभियंता रणवीर सिंह ने बताया कि अधिकारियों को निर्देश दिये गए है कि जहां भी तारें ढीलीं हैं, उन्हें दुरुस्त किया जाए। सोमवार को निगम कर्मचारियों ने शहर के विभिन्न भागों में बिजली की तारों को दुरुस्त किया।