पति से मारपीट कर युवकों ने पत्नी को किया अगवा, सामूहिक दुष्कर्म के बाद छोड़ा
कुछ लोगों ने बाइक सवार व्यक्ति को रोका और उससे जमकर मारपीट की। इसके बाद उन्होंने व्यक्ति की पत्नी को अगवा किया और उससे सामूहिक दुष्कर्म किया।
जेएनएन, हांसी [हिसार]। बाइक सवार दंपती को रोककर कुछ लोगों ने पति के साथ मारपीट की और पत्नी को अगवा कर लिया। सामूहिक दुष्कर्म के बाद महिला को गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वह अपने पति के साथ मंगलवार देर शाम गांव से बाइक पर रिश्तेदारी में जा रही थी। रास्ते में नहर पुल के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें जबरदस्ती रोक लिया और उसके पति के साथ मारपीट करने लगे। आरोपित उसे बाइक पर जबरदस्ती बैठा कर ले गए। बुरी तरह घायल पति काफी देर तक उसकी तलाश में लगा रहा। दोनों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और रात को गांव के बाहर छोड़ फरार हो गए।
पुलिस ने बरती असंवेदनशीलता, पीडि़ता को सार्वजनिक रूप से बैठाया
दुष्कर्म पीडि़ता के पति व परिजनों ने आरोप लगाया कि बुधवार सुबह ही वह थाने में मामला दर्ज कराने पहुंच गए थे। मगर पुलिस ने कई घंटे पति को बैठाए रखा। इसके बाद दुष्कर्म पीडि़ता को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां सार्वजनिक रूप से उसे बैठाए रखा। महिला पुलिस कर्मचारी भी काफी देर बाद पहुंची।
पीड़िता के होंगे कोर्ट में बयान दर्ज
एसएचओ देवेंद्र कुमार का कहना है कि इस मामले में पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है। आज पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज करवाए जाएंगे।