मां-बाप की मौत के बाद दादा-दादी के पास रह रही चचेरी बहन से दुष्कर्म, 8 माह की गर्भवती निकली
पीडि़ता के अनुसार आरोपित उसके साथ लगातार दो-तीन महीने दुष्कर्म करता रहा और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता रहा।
हिसार/बरवाला, जेएनएन। माता पिता की मौत के बाद अपने दादा-दादी के पास रह रही एक किशोरी के साथ दुष्कर्म होने का मामला सामने आया है। मगर दुष्कर्मी के बारे में जानकार ग्रामीण हैरान हो गए। वासना से वशीभूत हो युवक ने अपनी चचेरी बहन की ही आबरू लूट ली। बात यहीं खत्म नहीं हुई और जब तक इस बात का खुलासा हो पता तब तक देर हो चुकी थी। क्योंकि पीडि़त किशोरी आठ महीने की गर्भवती निकली। नाबालिग लड़की के साथ उसके ताऊ के बेटे ने लगातार दो-तीन महीने तक दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायत के आधार पर बरवाला पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने जेल भेज भी दिया है।
मामले का खुलासा जब हुआ जब नाबालिग लड़की की बुआ गांव में आई। पीडि़ता ने पुलिस को दर्ज कराए अभियोग में जानकारी दी थी उसके माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है और देखरेख उसका चाचा करता है। वो अपने दादा दादी के पास रहती हैं। उसके ताऊ का लड़का अक्सर उनके घर आता जाता था और उसके साथ छेडख़ानी करता था। पिछले वर्ष 16 अप्रैल को भी वह उनके घर आया और उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीडि़ता के अनुसार आरोपित उसके साथ लगातार दो-तीन महीने दुष्कर्म करता रहा और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता रहा। अब 14 जनवरी को उसकी बुआ जो एक अन्य शहर में रहती है। उनके घर आई तो वह उसको अपने साथ ले गई।
आरोपित को भेज दिया है जेल
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह ने बताया दुष्कर्म के कारण नाबालिग पीडि़ता गर्भवती हो गई थी। उसका बरवाला पुलिस ने मेडिकल करवाया है। वह लगभग आठ माह की गर्भवती है। मेडिकल में इसकी पुष्टि हुई है। आरोपित को जेल भेज दिया गया है।